Monday, August 4, 2008

सीडी का लुका छिपी खेल

संसद की गरिमा को शर्मसार करने वाले सांसद रिश्वत कांड में संप्रग की भूमिका के आरोपों के जवाब में संप्रग के सहयोगी दल समाजवादी पार्टी, राजद और लोक जनशक्ति पार्टी ने एक सीडी जारी कर भाजपा के आरोपों को बेबुनियाद बताकर आरोप लगाया है कि सांसद रिश्वत कांड संप्रग के खिलाफ एक साजिश थी, जो खुद भाजपा ने रची थी। इन दलों ने एक स्वर में कहा कि इस संदर्भ में भाजपा जिस सीडी व सबूतों का हवाला दे रही है, वो सब झूठे हैं। इस सीडी में भाजपा सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते की आवाज की रिकॉडिंग भी है, जिसमें भाजपा सांसद समाजवादी पार्टी के सांसदों को खरीदना के लिए सौदेबाजी कर रहे हैं। इसके अलावा इसमें सपा महासचिव अमर सिंह के करीबी माने जाने वाले संजीव सक्सेना को यह कहते हुए दिखाया गया है कि वो अरुण जेटली के कहने पर यह सब कर रहे हैं। पिछले दिनों उमा भारती ने सांसद घूसकांड से जुडी़ एक सीडी जारी की थी, जिसमें संजीव सक्सेना को एक बैग लेकर अरुण जेटली के घर से बाहर निकलते हुए दिखाया गया था। सीडी में यह भी दिखाया गया था कि संजीप सक्सेना वही बैग लेकर भाजपा सांसद अशोक अर्गल के निवास पर पहुंचे थे। संसद में विश्वास मत के दौरान भाजपा सांसदों अशोक अर्गल, महावीर भगोरा और फग्गन सिंह कुलस्ते ने सदन में नोटों की गड्डियां दिखाते हुए आरोप लगाया था कि केंद्र सरकार द्वारा पेश विश्वास प्रस्ताव के पक्ष में मतदान करने के लिए सपा की ओर से उन्हें नौ करोड़ रुपए रिश्वत की पेशकश की। भाजपा सांसदों ने आरोप लगाया था कि वोट के लिए नोट समझौते के तहत फिलहाल तीनों को एक करोड़ रुपए भी दिए गए, जिसे वो सदन के पटल पर रख रहे हैं और बाकी की रकम बाद में देने की बात कही गई है। देश के संसदीय लोकतंत्र के इतिहास में यह ऐसी पहली घटना है। भाजपा ने इस कांड में सपा महासचिव अमर सिंह, सोनिया गांधी के राजनीतिक सलाहकार अहमद पटेल और सपा नेता रेवती रमण सिंह के शामिल होने का आरोप लगाया था। सांसद रिश्वत कांड मामले में भाजपा और संप्रग की ओर से आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला जारी है। इस संदर्भ में दोनों ही खुद को पाक-साफ बता रहे हैं। भाजपा के एक नेता ने दावा किया था कि उनके पास संप्रग को दोषी साबित करने के लिए पर्याप्त सबूह हैं। भाजपा नेता ने संजीव सक्सेना और अमर सिंह की बातचीत के एक टेप का भी हवाला दिया था और कहा था कि उस रिकॉडिंग में सारा सच छुपा है।

No comments: