Wednesday, September 3, 2008

गणपति बप्पा मोरिया, मंगल मूर्ति मोरिया


मुंबई में 10 दिनों तक चलने वाले गणेश उत्सव के पहले दिन आज गणपति का धूमधाम से जबरदस्त स्वागत किया गया। वि­नहर्ता गणेश की प्रतिमा की स्थापना के साथ ही मुंबई का आकाश गणपति बप्पा मोरिया, मंगल मूर्ति मोरिया के उद्घोष से गूंज उठा। गणेश की भीमकाय प्रतिमा को मंडप में लाया गया और भक्तों ने अपने घरों में पवित्र स्थान पर समृद्धि और बुद्धि के लिये गजराज की प्रतिमा की स्थापना कर उनका स्वागत किया। प्रार्थना के बाद भगवान के प्रिय भोग मोदक का प्रसाद के रूप में वितरण किया गया।समाज के सभी तबकों के लोगों को आपस में जोड़ने के उद्देश्य से सार्वजनिक उत्सव के रूप में गणेश उत्सव को लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान शुरू किया था। बाद में यह न केवल महाराष्ट्र में बल्कि पूरे भारत में व्यापक रूप मनाया जाने लगा। सबसे प्रसिद्ध गणेश मंडल लालबाउग का राजा है। इस साल यह अपनी प्लेटिनम जुबली मना रहा है। वहीं दूसरी ओर मध्य मुंबई के किंग सर्किल में जीएसबी सेवा मंडल के गणेश भगवान महानगर में सबसे धनी माने जाते हैं। उन्हें आठ करोड़ रुपये मूल्य के 44 किलो सोने के आभूषण और 140 किलो चांदी के आभूषण चढ़ाए जाते हैं। यह मंडल पिछले 54 सालों से गणेशोत्सव आयोजित कर रहा है। गणेश भगवान के मंच तक पहुंचने के लिये हवा में 500 फुट लंबा और पांच फुट चौड़ा रास्ता बनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख, केंद्रीय विद्युत मंत्री सुशील कुमार शिंदे, पूर्व लोक सभा अध्यक्ष मनोहर जोशी, स्वर साम्राज्ञी लता मंगेशकर और अभिनेता जितेन्द्र, सलमान खान ने उत्सव के दौरान अपने घरों में गणेश भगवान की प्रतिमा स्थापित की है। इसके अलावा लोक निर्माण मंत्री छगन भुजबल मध्य मुंबई के मजगांव में अपने अंजीरवादी गणेशोत्सव मंडल की हीरक जयंती मना रहे हैं। चेंबूर स्थित आरके स्टूडियो में राजकपूर के परिवार द्वारा पारंपरिक रूप से गणेशोत्सव मनाया जाता है। इस बीच मुंबई में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

No comments: