Saturday, August 30, 2008

कोसी के कहर से मातम में डूबा बिहार


कोसी नदी के तटबंध में टूट की वजह से बिहार में तबाही मची हुई है। राज्य के बाढ़ प्रभावित जिले सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, अररिया और पूर्णिया में बाढ़ की भयावहता को देखते हुए वहां राहत कार्य चलाये जाने के लिए संकट की इस घड़ी में सभी लोगों की मदद की जरूरत है। बेघर हुए लाखों लोग न सिर्फ आर्थिक सहायता के मोहताज हैं, बल्कि मानवीय मूल्यों को जिंदा बनाए रखने के लिए सभी पहलुओं पर से गुजरना पड़ेगा। इस बाढ़ में कहीं मां से बेटा बिछुड़ रहा है, बेटे से मां बिछुड़ रही है, कहीं भाई से बहिन बिछुड़ रहा है। बाढ़ का पानी गांवों में घुसते ही लोग भाग रहे हैं अपना घर द्वार छोड़कर। ऐसी स्थिति में परिवार के सदस्य बिछुड़ते जा रहे हैं, क्योंकि भागने की होड़ मची हुई है। हजारों की संख्या में लोग बह चुके हैं, जिनका अब मिलना नामुमकिन है। ऐसा मार्मिक दृश्य देखकर आंखें नम हो जाती है, उन लोगों के लिए जो बाढ़ के शिकार हो चुके हैं। यहां तक कि पालतू जानवरों गाय, भैंसों का तो अता पता ही नही है। वह तो कब के बाढ़ की बिभीषका के शिकार हो चुके हैं। ऐसी बाढ़ 300 साल के बाद देखने को मिली है।बिहार की बाढ़ को देखते हुए केंद्र सरकार ने भले ही एक हजार करोड़ की सहायता व खाद्यान्न दिया है, लेकिन स्थिति को देखते हुए यह कम लग रही है। हालांकि गैर-सरकारी संस्थाएं भी आगे आयी हैं और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। अपनी जान जोखिम में डालकर सेना व अ‌र्द्धसैनिक बल युद्ध स्तर से बचाव कार्य में जुटी हुई है। नावों के द्वारा लोगों को बाढ़ क्षेत्र से निकाला जा रहा है। कहीं-कहीं तो यह भी सुनने को आया है कि इस मुसीबत में फंसे लोगों को निकालने के लिए व्यावसायिक लोग अधिक पैसा ऐंठ रहे हैं। ऐसी स्थिति में मानवता का तकाजा बनता है कि लोग निस्वार्थ भावना से बाढ़ पीडि़तों की मदद करें। बिहार पर आई इस संकट की घड़ी में लोगों को दिल खोलकर मदद करनी चाहिए। बाढ़ का पानी घटने पर महामारी फैलने का भी खतरा बन चुका है।अब हम लोगों का कर्तव्य बनता है कि मिले हुए धन व खाद्यान्न सामग्री को ईमानदारी से बाढ़ पीडि़तों में बांटें।केंद्र में वाजपेयी सरकार ने कहा था कि सभी नदियों को मिलाया जाए। यदि सभी नदियां मिल जाएं तो बाढ़ के कहर से न सिर्फ लोगों को छुटकारा मिल जाएगा, बल्कि व्यर्थ में बहरा पानी का विद्युत बनाने आदि में उपयोग किया जा सकता है।

कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती

आओ जाओ उस ओर जाओ,मेरे यार को मेरा पैगाम सुनाओ।वो सुने या न सुने,मेरे दिल की कह सुनाओ।।लहरों से डरकर नौका पार नहीं होती।कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती।।नन्हीं चींटी जब दाना लेकर चलती है।चढ़ती दीवारों पर सौ बार फिसलती है।मनका विश्वास रगों में साहस भरता है।चढ़कर गिरना गिरकर चढ़ना न अखरता है।मेहनत उसकी बेकार हर बार नहीं होती।कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती।।असफलता एक चुनौती है स्वीकार करो।क्या कमी रह गयी देखो और सुधार करो।जब तक न सफल हो नींद चैन की त्यागो तुम।संघर्षो का मैदान छोड़ मत भागो तुम।कुछ किए बिना ही जय जयकार नहीं होती।कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती।।

Thursday, August 28, 2008

सुलगते कश्मीर को बुझाने वाला चाहिए


जम्मू और कश्मीर दो अलग नाम और दोनों के काम भी अलग-अलग। एक हिंदूवादी तो एक मुस्लिमवादी। दोनों ही जगहों पर परिवहन व्यवस्था में भी गाडि़यों के रजिस्ट्रेशन में जे-1 और जे-2 शब्द प्रयोग हो रहे हैं। जम्मू के लिए जे-1 और कश्मीर के लिए जे-2 नंबर है। भारत संघ का यही एक ऐसा राज्य है, जहां पर राष्ट्र का नहीं राज्य का झंडा फहराया जाता है, राष्ट्रपति नहीं राज्यपाल शासन लगता है, ऐसा क्यों? क्योंकि कश्मीर पाक में मिलना चाहता है, वहां पर पाकिस्तान का झंडा फहराया जा रहा है जो संवैधानिक रूप से गलत ही नहीं है संज्ञेय अपराध भी है। फिर भी भारत सरकार मौन धारण किए हुए है। यदि कश्मीर के अलावा और किसी जगह की यह घटना होती तो पुलिस तुरंत कार्यवाही कर जेल में ठूंस देती पर वहां तो पुलिस भी लाचार है। 1947 में भारत के विभाजन के बाद अनेक राजा, महाराजाओं ने सरदार बल्लभभाई पटेल की सक्रियता के कारण अपने-अपने राज्य को भारत संघ में मिला दिया लेकिन इस संबंध में जम्मू-कश्मीर के महाराजा हरि सिंह की हिचकिचाहट बनी रही और उन्होंने यथास्थिति बनाए रखने के लिए पाकिस्तान से एक समझौता भी कर लिया था और जिन्ना ने आनन-फानन में कश्मीर को पाक में मिलाने के लिए पठानों की एक फौज को वहां भेज कर स्थानीय लोगों को डरा धमका कर पाक में शामिल होने के लिए एक माहौल बनाने लगे। राजा हरि सिंह तो डरकर श्रीनगर आ गए और भारत संघ से करार करने को दबे मन से मजबूर हो गए। यह राज्य भारत में सशर्त मिला। पटेल की कड़ी नीति वहां पर बेकार हो गई जब जवाहर लाल नेहरू ने इस राज्य का जिम्मा खुद ले लिया और इस राज्य के लिए अलग संवैधानिक व्यवस्था की गई। शेख अब्दुल्ला ने तो यहां तक कह दिया कि इस राज्य का भारत में पूर्ण विलय वास्तविकता से दूर है। जनसंघीय नेता श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने इसके खिलाफ 1952 में यक आंदोलन चलाया, किंतु शेख अब्दुल्ला ने उनको गिरफ्तार करा लिया और बंदी गृह में ही उनकी संदिग्धावस्था में मौत हो गई। इसके बाद शेख अब्दुल्ला की सरकार सदरे रियासत कर्ण सिंह ने बर्खास्त कर दी। तब से आज तक इसका इतिहास घातों और प्रतिघातों से भरा पड़ा है।आज जम्मू-कश्मीर जल रहा है। अमरनाथ यात्रियों के लिए बेहतर सुविधा देने के लिए जमीन तो एक बहाना है। साठ वर्ष पूर्व पृथकता के जो बीज बो दिए गए थे आज उसी की फसल पक कर तैयार हो चुकी है। काश इस राज्य के विलय का ठेका पटेल से न लिया होता तो शायद यह नौबत नहीं आती। यदि नेहरू ने इसके विलय की जिम्मेदारी ली थी तो इसका निर्वहन करना चाहिए था जो कि नहीं किया गया। कई ऐसे मौके आए कि भारत यदि चाह लेता तो कश्मीर हमेशा-हमेशा के लिए भारत का अंग बन जाता, लेकिन यहां के नेता शक्तिशाली देशों के दबाव में आकर यह कारनामा नहीं कर सके।पाकिस्तान में किसी की भी सरकार हो उसका रवैया भारत के ही खिलाफ होगा। वहां के मदरसों में भारत विरोधी शिक्षा दी जाती है, जब खिलाफत की शिक्षा जेहन में चली जाती है तो फिर आसानी से निकलती नहीं है। भारत यह जानते हुए भी कि पाक में आतंकियों को न सिर्फ प्रशिक्षण दिया जा रहा है, बल्कि उन्हें सेना की मदद से चोरी छिपे भारत में प्रवेश करवाया जा रहा है फिर भी चुप है। भारत-पाक के बीच अंतरराष्ट्रीय रेखा पर जो संधि हुई थी उसका भी पाक आए दिन उल्लंघन कर रहा है, फिर भी हम चुप हैं। भारत सिर्फ अपनी आपत्ति दर्ज करा सकता है, सो वह करता है इसके आगे उसके कदम नहीं बढ़ सकते। ऐसी क्या मजबूरी है कि हमसे हर मामले में एक छोटा सा देश, जिसकी कुल आबादी लगभग उत्तर प्रदेश के बराबर है, मुझे घूर रहा है, मुझे ललकार रहा है, मुझे आतंकित कर रहा है, नन्हें बच्चों को बम धमाकों से उड़ाया जा रहा है। हम चुप हैं। एक ओर तो हम शक्शिाली राष्ट्र होने का डंका पीटते हैं और कारनामें एक कमजोर राष्ट्र के जैसे। हमारी फौज विश्वसनीय और बहादुर हैं, हमें उन पर नाज है, फिक्र है। लेकिन उन्हें चलाने के लिए एक हिम्मत वाला सेनापति चाहिए। निर्भय होकर निर्णय लेने की क्षमता होनी चाहिए। जब तक हम पाक के खिलाफ कोई कठोर कदम नहीं उठाएंगे तब तक वह कश्मीर में अमन चैन कायम नहीं रहने देगा। उसका एक ही मकसद है कि वहां के लोगों में इतना भय पैदा कर दो कि लोग खुद ही मजबूर हो जाएं पाक का हिस्सा बनने के लिए।

Monday, August 25, 2008

गिरा बीजिंग ओलंपिक का पर्दा


लंदन में फिर से मिलने के वायदे के साथ गिरा बीजिंग ओलंपिक का पर्दा। आगाज जितना अद्भुत, अंजाम उतना ही अविश्वसनीय। मानो परीलोक जमीन पर उतर आया हो। बेहतरीन तकनीक, कलाकारों का हैरतअंगेज प्रदर्शन और आतिशबाजी का भव्य नजारा, सभी कुछ था बीजिंग ओलंपिक के समापन समारोह में। दिल की धड़कनों को बिजली की रफ्तार देने वाले अठारह दिनों के रोमांचक सफर के बाद चीन ने यादों के रंगबिरंगे गुलदस्तों के साथ मेहमानों को विदा किया और नए कीर्तिमानों और मीठी यादों के साथ ओलंपिक की ये विरासत लंदन को सौंप दी। चार साल बाद लंदन की मीठी शामें खेलप्रेमियों को नए रोमांच से भरेंगी। आतंकवाद, प्रदूषण और सफल आयोजन की चुनौतियों भी एशियाई सुपरपावर के संकल्प को नहीं डिगा पाई और उसने अपना वायदा बखूबी निभाया। इस खेल महाकुंभ में अमेरिकी बादशाहत को खत्म कर खेलों की नई महाशक्ति बने चीन की सफलता की धमक पूरे विश्व ने सुनी। भला किसने सोचा था कि जिस देश ने अपना पहला ओलंपिक पदक ही 1984 में जीता हो वो 24 साल में ही खेलों की दुनिया पर राज करेगा। चीन ने 51 स्वर्ण, 21 रजत, 28 कांस्य पदक सहित कुल 100 पदक अपने नाम कर ये उपलब्धि हासिल की। भारत के लिहाज से भी बीजिंग ओलंपिक यादगार रहा जब पहली बार वो किसी ओलंपिक से तीन पदकों के साथ लौटेगा। अभिनव बिंद्रा ने 10 मीटर एयर पिस्टल में स्वर्ण, सुशील कुमार ने कुश्ती में 66 किग्रा. भारवर्ग में कांस्य और विजेंद्र कुमार ने मुक्केबाजी का पहला कांस्य भारत की झोली में डाला।समारोह की शुरुआत में चीनी राष्ट्रपति हू जिंताओ और अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) के अध्यक्ष जैक्स रोगे रंग-बिरंगे माहौल में बर्ड नेस्ट स्टेडियम में अवतरित हुए। इसके बाद ड्रम वादकों ने अद्भुत प्रदर्शन की ऐसी छटा बिखेरी जिसे देखकर सभी ने खुद को दूसरी ही दुनिया में पाया। भव्यता के ओलंपिक की ये वो स्वप्निल दुनिया थी जहां सभी कुछ असाधारण था। कलाकारों ने जब एक के बाद एक शानदार प्रदर्शनों की झड़ी लगाई तो कोई भी आश्चर्यचकित हुए बिना न रह सका और जब सैकड़ो कुंगफू छात्र प्रदर्शन के लिए नेशनल स्टेडियम में उतरे तो पूरा स्टेडियम ही एकटक उनकी मेहनत को साकार होते हुए देखता रह गया। दुनिया के सबसे आबादी वाले देश ने मानव मीनार बनाकर अपनी पहचान को एक चेहरा दिया। इसके बाद ओलंपिक में भाग लेने वाले 204 देशों के ध्वजवाहक मैदान पर उतरे। भारतीय तिरंगा विजेंद्र के हाथों में था जो बीजिंग ओलंपिक में भारत की सफलता की कहानी बयां करता नजर आया। आयोजन समिति के अध्यक्ष लियु कुई और रोगे ने ओलंपिक ध्वज फहराए जाने और ओलंपिक गान से पहले खचाखच भरे स्टेडियम को संबोधित किया। बीजिंग से ओलंपिक ध्वज लंदन ने थाम लिया। लंदन की लाल दोमंजिली बस समूचे स्टेडियम में घूम गई। बस का ऊपरी हिस्सा खुला और टावर ब्रिज, बैटरसी बिजलीघर और पार्लियामेंट के पुतलों के बीच से लंदन मुस्कराने लगा। पाप गायक लियोना लेविस और गिटार वादक पेज ने इस शानदार शाम को यादगार बनाने में कोई कसर न छोड़ी। बस पर खड़े इंग्लैंड के पूर्व फुटबाल कप्तान डेविड बेकहम ने जैसे ही स्टैंड्स में भीड की ओर गेंद उछाली अचानक सबके सामने बर्मिघम पैलेस कौंध गया।इस एक पखवाड़े में कई ख्वाब परवान चढे़ और कितने ही धूल में मिल गए। बेशक अमेरिका के माइकल फेल्प्स ने वाटर क्यूब और जमैका के यूसैन बोल्ट ने बर्ड नेस्ट में खलबली मचा दी हो मगर उनके फौलादी इरादों को कामयाबी की जुबान चीन की धरती ने ही दी। फेल्प्स ने तरणताल में हर रिकार्ड डुबाया और रिकार्ड आठ स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास पुरुष बने जबकि बोल्ट दुनिया के सबसे तेज धावक बने और उन्होंने तीन विश्व रिकार्ड के साथ तीन सोने के तमगे अपने गले में डाले। बीजिंग के आयोजन ने लंदन के लिए आयोजन की नई चुनौती पेश कर दी है। शुक्रिया बीजिंग, गुडलक लंदन।

Sunday, August 24, 2008

मैया मैं नहीं माखन खायो




माखन चोर कन्हैया की शिकायत जब यशोदा से होती है तब कृष्ण जी कहते हैं कि मैया मोरी मैं नहीं माखन खायो। जब मैया और सख्ती से पेश आती हैं तो वह कहने लगते हैं कि मैया मोरी मैं ने ही माखन खायो। यह तो तय था कि चोरी छिप नहीं सकेगी क्योंकि मुंह पर माखन लगा हुआ था और माखन खाते हुए पकड़कर मां यशोदा के पास लाया गया था। आज इन्हीं का जन्म है, जिसे जन्माष्टमी के नाम से पूरा देश जानता है। विशेषकर मथुरा में जहां पर पैदा हुए थे, वह जगह थी मथुरा नरेश कंस की जेल, जहां पर कंस की बहिन देवकी ने नवीं संतान के रूप में कृष्ण को जन्म दिया था। आज न सिर्फ मथुरा बल्कि हिंदुस्तान के प्रमुख मंदिरों को सजाया जाता है और रात के ठीक बारह बजे मंदिरों की घंटियां बजने लगती हैं और पूरा वातावरण ही कृष्णमय हो जाता है। लोगों की भीड़ अपने आप खिची चली आती है। वह तो विष्णु के अवतार थे। पृथ्वी पर जन्म लेने का मकसद तभी होता है जब धर्म का पतन होने लगता है। अन्याय की जड़ें मजबूत होने लगती हैं, तब भगवान को पृथ्वी पर मानव के रूप में जन्म लेना पड़ता है न्याय और धर्म का पालन न करने वालों को खातमें के लिए। कंस ने भी यही किया था। था तो उनका भांजा, लेकिन धर्म और न्याय से बड़ा पारिवारिक संबंध नहीं होता। दुष्ट कंस को मौत की सजा दी। न सिर्फ मथुरा बल्कि गोकुल, बृंदावन, नंदगांव में बाल लीलाओं का प्रदर्शन किया। प्रेम के इतने भूखे थे कि आदमी क्या पशु भी उनके तरफ खिंचे चले आते थे। मीराबाई ने तो यहां तक कह दिया था कि मेरे तो गिरधर गोपाल दूसरा न कोय। ऐसे प्रभु को मैं आज उनके जन्म दिवस पर शत-शत बार नमन करते हैं।

Thursday, August 21, 2008

सौदेबाजी से पाक पर मंडराया खतरा


मुशर्रफ के इस्तीफे के लिये सऊदी अरब और ब्रिटेन की मध्यस्थता से हुई सौदेबाजी से पाक गठबंधन पर खतरा मंडराने लगा है, क्योंकि पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पीएमएल एन के प्रमुख नवाज शरीफ ने धमकी दी कि यदि पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ द्वारा बर्खास्त जजों को कल तक बहाल नहीं किया गया तो उनकी पार्टी सत्तारूढ़ गठबंधन से समर्थन वापस ले लेगी और विपक्ष में बैठना पसंद करेगी। इस मामले को लेकर जरदारी पशोपेश में पड़ गए हैं, वह चाहते हैं कि लाठी भी न टूटे और सांप भी मर जाए, पर ऐसा होने वाला नहीं है। शरीफ आर-पार की लड़ाई लड़ने जा रहे हैं। उन्हीं के दबाव में जरदारी ने मुशर्रफ के खिलाफ महाभियोग लाने का फैसला किया था, किंतु उसके पहले ही एक करार के तहत मुशर्रफ ने राष्ट्रपति के पद से इस्तीफा दे दिया और गठबंधन सरकार को धर्मसंकट में डाल दिया। इसके पीछे एक बड़ी चाल यह भी है कि मैं तो गद्दी छोड़कर जा ही रहा हूं, लेकिन तुम्हें भी आराम से नहीं बैठने दूंगा। पाकिस्तानी के पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ के साथ उनके इस्तीफे को लेकर हुई सौदेबाजी में एक शर्त यह भी थी कि सुप्रीम कोर्ट के बर्खास्त चीफ जस्टिस इफ्तिकार मुहम्मद चौधरी को बहाल नहीं किया जायेगा। पीपीपी के सह-अध्यक्ष आसिफ अली जरदारी भी जजों की बहाली के खिलाफ हैं। इस सौदेबाजी से गठबंधन सरकार में दरार का खतरा पैदा हो गया है क्योंकि पीपीपी की सहयोगी पार्टी पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की पीएमएल-एन पिछले साल आपातकाल के दौरान बर्खास्त जजों की बहाली के लिये 22 अगस्त की समयसीमा तय कर रही है। दोनों दलों ने मुशर्रफ पर महाभियोग लगाने की अपनी योजना की सात अगस्त को घोषणा करते हुए कहा था कि बर्खास्त जजों को राष्ट्रपति के हटने के तुरंत बाद बहाल कर दिया जायेगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।मुशर्रफ को डर था कि वह उनके खिलाफ मामले शुरू कर सकते हैं। जरदारी सौदेबाजी के कारण किसी शासकीय आदेश के जरिये बर्खास्त जजों की बहाली के खिलाफ हैं और उन्होंने वर्तमान और बर्खास्त जजों की जगह नये चीफ जस्टिस का प्रस्ताव रखा है।नवाज शरीफ की पार्टी पीएमएल.एन के गठबंधन से हटने की संभावना है और उस सूरत में मुत्तहिदा कौमी मूवमैंट और पीएमएल-क्यू के काफी सांसद गठबंधन में शामिल होने को तैयार हैं। पाकिस्तान में शीघ्र ही महत्वपूर्ण राजनीतिक फैसले किए जाएंगे।

Wednesday, August 20, 2008

ओलंपिक में भारत ने इतिहास दोहराया


दक्षिण पश्चिम दिल्ली के नजफगढ़ में रहने वाले व रेलवे में कार्यरत और महाबली सतपाल के शिष्य ने 2006 में दोहा एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय देते हुए सुशील कुमार ने इतिहास को दोहराते हुए पेइचिंग ओलम्पिक खेलों की फ्रीस्टाइल कुश्ती स्पद्र्धा के 66 किलोग्राम वर्ग में कजाखस्तान के लियोनिद स्पिरिदोनोव को चित करके कांस्य पदक जीत लिया। इसके साथ ही 29वें ओलम्पिक में भारत के पदकों की संख्या एक स्वर्ण और एक कांस्य समेत दो हो गई है। इतिहास में ऐसा पहली बार है जब भारत ने एक ओलम्पिक में दो पदक हासिल किये हैं। इस ओलंपिक में ही अभिनव बिन्द्रा ने निशानेबाजी का स्वर्णपदक जीता है। सुशील ने भारत को साढ़े पांच दशक बाद कुश्ती में पदक दिलाया है। इससे पहले केडी यादव ने 56 साल पहले हुए हेलसिंकी ओलम्पिक में भारत को कुश्ती में कांस्य के रूप में एकमात्र पदक दिलाया था। ओलंपिक की कुश्ती स्पर्धा में पदक जीतने वाले सुशील दूसरे पहलवान हैं। जाधव ने 1952 के हेलसिंकी ओलंपिक में कांस्य पदक जीता था। पहलवान सुशील कुमार का बीजिंग में कुश्ती में जीता गया कांस्य पदक भारत का ओलंपिक खेलों में कांसे का छठा और कुल मिलाकर 19वां तमगा है। यही नहीं सुशील की इस उपलब्धि ने भारतीय खेलों के इतिहास में एक नया अध्याय भी जोड़ दिया। यह दूसरा अवसर है जबकि भारत ने एक ओलंपिक खेलों में दो पदक जीते लेकिन यह ऐसा पहला मौका है जबकि भारत के नाम पर दो व्यक्तिगत पदक दर्ज हुए। सुशील से पहले निशानेबाज अभिनव बिंद्रा ने दस मीटर एयर रायफल में स्वर्ण पदक जीतकर नया इतिहास रचा था। भारत ने 1952 में हेलसिंकी में खेले गये ओलंपिक खेलों में भी दो पदक जीते थे। उस समय भारत ने हाकी में स्वर्ण जबकि कुश्ती में के डी जाधव ने कांस्य पदक जीता था। इस तरह से भारत कुश्ती में 56 साल बाद पदक हासिल हासिल करने में सफल रहा। बिंद्रा से पहले भारत ने आठों स्वर्ण पदक हाकी में हासिल किये थे।