आशा भोसले पुरकशिश आवाज की मल्लिका और उनके गानों ने न केवल छह पीढि़यों का दिल बहलाया बल्कि गायिकी के क्षेत्र में एक नया प्रतिमान भी स्थापित किया। वह आज 75 बसंत पूरे कर रहीं हैं। हर पीढ़ी के दिल की धड़कन रही बहुविध गानों को सुर देने वाली आशा भोसले के प्लेटिनम जुबली के मौके पर सारेगामा इंडिया लिमिटेड प्रिसियस प्लेटिनम नाम से नया एलबम जारी किया है। जब आशा भोसले ने 1948 में गायिकी का सफर शुरू किया था तो फिल्म जगत में शमशाद बेगम, गीता दत्त और लता मंगेशकर पार्श्व गायिकी के क्षेत्र में काबिज थी। हालांकि आशा की आवाज की मधुरता, गाने की अलहदा स्टाइल और उतार चढ़ाव ने पार्श्व गायन में उनका एक अलग मुकाम बना दिया। गाने की स्थिति के साथ आवाज में परिवर्तन करना उनकी एक और खासियत रही है। आशा भोसले ने हिन्दी और मराठी सहित भारतीय भाषाओं में 12 हजार से अधिक गाने गाये। उनके गाये एलबमों ने भी लोगों को बहुत लुभाया और बेहद प्रभावित किया। उन्हें देश के दूसरे सबसे बड़े नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया।
Monday, September 8, 2008
Saturday, September 6, 2008
भारत को मिली ऐतिहासिक सफलता

भारत-अमेरिका असैन्य परमाणु करार से जुड़े अमेरिका परमाणु करार अधिनियम 1954 की धारा 123 में इस बात का उल्लेख है कि अमेरिका उन्हीं देशों से परमाणु करार करेगा जिन्होंने परमाणु अप्रसार संधि पर हस्ताक्षर किए हों। जबकि भारत परमाणु अप्रसार संधि से बहुत दूर है। लेकिन भारत की खास बात रही है कि उसने परमाणु ऊर्जा का उपयोग शांति के क्षेत्र में किया है। भारत शुरू से ही एक शांति प्रिय देश है। भारत को विएना में अंतरराष्ट्रीय मंच पर आज एक ऐतिहासिक सफलता मिली जब परमाणु सामग्री आपूर्तिकर्ता देश समूह (एनएसजी) ने भारत के खिलाफ पिछले 30 वर्षो से लगे प्रतिबंध हटा लिए। एनएसजी की बैठक में 45 सदस्यीय संस्था ने आज अमेरिका के उस प्रस्ताव को मंजूर कर लिया जिसमें भारत पर लगी पाबंदियों को हटाने का प्रावधान है। चीन, न्यूजीलैंड और आस्ट्रिया सहित कुछ देशों के विरोध को पार करते हुए भारत ने एनएसजी का समर्थन हासिल किया। एनएसजी के फैसले के बाद भारत अब असैन्य परमाणु कारोबार में शिरकत कर सकेगा। सन् 1974 में पोखरण परमाणु विस्फोट के चार साल बाद सन् 1978 में भारत के खिलाफ प्रतिबंध लगाये गये थे। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और अमेरिकी राष्ट्रपति जार्ज बुश के लिए जुलाई 2005 में हुए भारत-अमेरिका असैन्य परमाणु सहयोग समझौते को अमल में लाने के लिए एनएसजी की सहमति अनिवार्य थी जो आज हासिल हो गयी। भारत को अंतरराष्ट्रीय परमाणु बाजार में प्रवेश दिलाने की प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की लम्बी मुहिम आज सफल रही जब परमाणु सामग्री आपूर्तिकर्ता देश समूह ने भारत पर लगे प्रतिबंध हटा लिए। एनएसजी की तीन दिन तक चली जद्दोजहद भरी बैठक में गतिरोध और ऊहापोह के बावजूद भारत ने यह महत्वपूर्ण सफलता हासिल की। एनएसजी की हरी झंडी के बाद परमाणु क्षेत्र में भारत का अलगाव खत्म हो गया तथा उसे परमाणु ऊर्जा, सामग्री और तकनीक के आदान-प्रदान का अधिकार हासिल हो गया।भारत-अमेरिका असैन्य परमाणु सहयोग समझौते का अब केवल एक चरण शेष है जिसेमं अमेरिकी कांग्रेस को इस समझौते का अनुमोदन करना है। भारत अन्तरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए)के साथ निगरानी समझौता पहले ही कर चुका है।1968 में भारत ने परमाणु अप्रसार संधि (एनपीटी) पर इस आधार पर हस्ताइार करने से इंकार कर दिया कि यह भेदभावपूर्ण है। 18 मई 1974 को भारत ने अपना पहला परमाणु परीक्षण किया। 10 मार्च 1978 को अमेरिकी राष्ट्रपति जिमी कार्टर ने परमाणु अप्रसार अधिनियम पर हस्ताक्षर कर भारत को परमाणु सहायता बंद कर दी गई। 11 व 13 मई 1998 को भारत ने पांच भूमिगत परमाणु परीक्षण किए।34 साल तक प्रतिबंधों की काली रात के बाद भारत के लिए आज तब परमाणु सवेरा हुआ जब अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने भारत पर लगे प्रतिबंधों को हटा लिया। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने अंतरराष्ट्रीय परमाणु जगत में भारत के अलगाव को दूर करने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति जार्ज बुश के साथ जुलाई 2005 में भारत-अमेरिका असैन्य सहयोग समझौता किया था। इस समझौते के एक महत्वपूर्ण चरण में 45 सदस्यीय परमाणु सामग्री आपूर्तिकर्ता देश समूह ने आज भारत से परमाणु प्रतिबंध हटाने की घोषणा की। समझौते की अंतिम औपचारिकता के रूप में अब अमेरिकी कांग्रेस इस पर इसी महीने विचार करेगी तब उसके अनुमोदन के बाद यह समझौता अमल में आएगा।
Thursday, September 4, 2008
शिक्षक समाज के पथ प्रदर्शक है

शिक्षा राष्ट्र निर्माण का आधार है और इससे ही मानव जीवन में उजियाला आ सकता है। शिक्षा के कार्य में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। राष्ट्र का प्रत्येक नागरिक शिक्षित होकर ही अपना और देश का भविष्य संवार सकता है। शिक्षक शिक्षा का आलोक गांव-गांव में पहुंचाएं। लोगों को शिक्षित करे और इस कार्य में जन भागीदारी बढ़ाने का प्रयास करें। शिक्षक दिवस पर शिक्षक समुदाय को मेरी तरफ से हार्दिक शुभकामनाएं। शिक्षक राष्ट्र व समाज के पथ प्रदर्शक होते हैं। राष्ट्र और समाज की भावी पीढ़ी के निर्माण में शिक्षकों की अत्यन्त महत्वपूर्ण भूमिका है। विद्यार्थियों के सर्वागीण विकास के साथ ही उनमें राष्ट्र प्रेम, सामाजिक सद्भाव, अनुशासन, नैतिक एवं चारित्रिक गुणों का विकास करके उन्हें आदर्श नागरिक बनाने मे शिक्षकों का प्रमुख योगदान है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का दायित्व है कि वे विद्यार्थियों को अज्ञान के अंधकार से निकाल कर ज्ञान के प्रकाश की ओर ले जाकर उन्हें आदर्श एवं संस्कारवान नागरिक बनाने का संकल्प लें। असतो मां सदगमय।शिक्षक अपने कर्तव्यों का सही ढंग से निर्वहन करें। यही महान दार्शनिक शिक्षाविद तथा पूर्व राष्ट्रपति स्व. डा.एस. राधाकृष्णन के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
Wednesday, September 3, 2008
हिंदू-मुस्लिम की एक अनूठी दास्तान

ऐसी मान्यता है कि पूजा-पाठ और सतकर्म व्यर्थ नहीं जाते और उसका फल मनुष्य को एक न एक दिन जरूर मिलता है और खासतौर से ऐसे समय में जब कोई संकट के बीच घिरा हो। मजहब नहीं सिखाता आपस में बैर रखना। यही देखने को मिला है बिहार में कोसी नदी से आई बाढ़ ने जहां लोगों को घर छोड़ने पर मजबूर कर दिया है, वहीं संकट की इस घड़ी में मानवता के धर्म के चलते सभी मजहबी दीवारें भी ढह गई हैं। सहरसा जिले में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता अपने बाढ़ पीडि़त रोजेदार मुस्लिम भाइयों को पवित्र महीने रमजान में इफ्तार करा रहे हैं। यह नजारा सहरसा के जिला स्कूल परिसर में संघ परिवार के एक घटक सेवा भारती द्वारा चलाये जा रहे एक राहत शिविर का है। यहां रमजान में रोजा रखने वाले मुस्लिम समुदाय के लगभग 100 लोगों को आरएसएस के कार्यकर्ता मगरिब की अजान होते ही मुढी और घुधनी परोस कर उन्हें रोजा इफ्तार करा रहे हैं। इसी राहत शिविर में अपने परिवार के साथ शरण लिए मधेपुरा जिले के परमा गांव निवासी मो. सलाउद्दीन बताते हैं कि वे लोग पिछले करीब एक सप्ताह से यहां हैं और उनके साथ कोई भेदभाव नहीं बरता जा रहा है। ऐसा ही नजारा मधेपुरा स्थित एक मुस्लिम मदरसा के छात्रावास का भी है जहां कुमारखंड और मुरलीगंज के विभिन्न इलाकों से अपनी जान बचाकर आए साठ से अधिक साधु शरण लिए हुए हैं। इन्हें यहां के मुस्लिम शिक्षक और छात्रों द्वारा न केवल उनके आवास और भोजन की व्यवस्था की गयी है, बल्कि उन्हें यहां पूजा पाठ करने के लिए उन्होंने एक खास स्थान भी दे रखा है। मधेपुरा स्थित मदरसा के छात्रवास में शरण लिए एक साधु महेन्द्र साह ने बताया कि उक्त छात्रावास में उन्हें किसी तरह की कोई कठिनाई नहीं है और यहां के मुसलमान भाइयों ने संकट की इस घड़ी में न केवल उन्हें शरण दी, बल्कि उनकी बहुत मदद की है।
गणपति बप्पा मोरिया, मंगल मूर्ति मोरिया

मुंबई में 10 दिनों तक चलने वाले गणेश उत्सव के पहले दिन आज गणपति का धूमधाम से जबरदस्त स्वागत किया गया। विनहर्ता गणेश की प्रतिमा की स्थापना के साथ ही मुंबई का आकाश गणपति बप्पा मोरिया, मंगल मूर्ति मोरिया के उद्घोष से गूंज उठा। गणेश की भीमकाय प्रतिमा को मंडप में लाया गया और भक्तों ने अपने घरों में पवित्र स्थान पर समृद्धि और बुद्धि के लिये गजराज की प्रतिमा की स्थापना कर उनका स्वागत किया। प्रार्थना के बाद भगवान के प्रिय भोग मोदक का प्रसाद के रूप में वितरण किया गया।समाज के सभी तबकों के लोगों को आपस में जोड़ने के उद्देश्य से सार्वजनिक उत्सव के रूप में गणेश उत्सव को लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान शुरू किया था। बाद में यह न केवल महाराष्ट्र में बल्कि पूरे भारत में व्यापक रूप मनाया जाने लगा। सबसे प्रसिद्ध गणेश मंडल लालबाउग का राजा है। इस साल यह अपनी प्लेटिनम जुबली मना रहा है। वहीं दूसरी ओर मध्य मुंबई के किंग सर्किल में जीएसबी सेवा मंडल के गणेश भगवान महानगर में सबसे धनी माने जाते हैं। उन्हें आठ करोड़ रुपये मूल्य के 44 किलो सोने के आभूषण और 140 किलो चांदी के आभूषण चढ़ाए जाते हैं। यह मंडल पिछले 54 सालों से गणेशोत्सव आयोजित कर रहा है। गणेश भगवान के मंच तक पहुंचने के लिये हवा में 500 फुट लंबा और पांच फुट चौड़ा रास्ता बनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख, केंद्रीय विद्युत मंत्री सुशील कुमार शिंदे, पूर्व लोक सभा अध्यक्ष मनोहर जोशी, स्वर साम्राज्ञी लता मंगेशकर और अभिनेता जितेन्द्र, सलमान खान ने उत्सव के दौरान अपने घरों में गणेश भगवान की प्रतिमा स्थापित की है। इसके अलावा लोक निर्माण मंत्री छगन भुजबल मध्य मुंबई के मजगांव में अपने अंजीरवादी गणेशोत्सव मंडल की हीरक जयंती मना रहे हैं। चेंबूर स्थित आरके स्टूडियो में राजकपूर के परिवार द्वारा पारंपरिक रूप से गणेशोत्सव मनाया जाता है। इस बीच मुंबई में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
बोलती किताबें

इंटरनेट में रूचि लेने वाले बच्चों के लिए दिल्ली पुस्तक मेला एक नया तोहफा लेकर आया है। बोलती किताबें बच्चों को किताबें सुनने के नये अनुभव से रूबरू करायेंगी। इस वक्त चल रहे दिल्ली पुस्तक मेले में भारतीय भाषाओं में बोलती किताबों की नयी विचारधारा बच्चों को खासा आकर्षित कर रही हैं। मान लीजिए आपकी आंखे किताबें पढ़ने के तैयार नहीं हैं लेकिन एक बोलती किताब खरीदिए जिसमें दादी नानी की तरह कोई आपको कहानी पढ़कर सुनायेगा। आजकल बच्चे इंटरनेट और टेलीविजन से चिपके रहते हैं। अभिभावक इस बात को लेकर चिंतित रहते हैं कि बच्चों में पढ़ने की आदत छूट रही है। बच्चों के जीवन से जुड़ी किताबें उन्हें किताबों की ओर आकर्षित करेंगी। यह पुस्तकें इंग्लैंड और अमेरिका में बेहद लोकप्रिय है लेकिन भारत में इसे पहली बार आरंभ किया गया है। लोग मानते हैं कि यह विचारधारा बेहतरीन है, लेकिन एक किताब की कीमत करीब 300 रुपये बहुत अधिक है।
Tuesday, September 2, 2008
होमवर्क से परेशान छात्र

आजकल पब्लिक स्कूलों में एक बात फैशन में आ चुकी है कि पढ़ाओ कम और घर से काम करके लाने को डायरी में निर्देश दे दिए जाते हैं। जब मैं स्वपोषित मान्यता प्राप्त विद्यालय में पढ़ा तब सारे अध्यापक जी जान से क्लास में न सिर्फ खुद मेहनत करते थे, बल्कि छात्रों से भी उतनी ही मेहनत कराते थे। खास तौर से साइंस के छात्रों के प्रति अध्यापक एक-एक शब्द को स्पष्ट करते हुए चलते थे। उस समय न तो ट्यूशन का बोल बाला था और न ही होम वर्क का। सारा काम प्रेक्टीकल था। हर छात्र से कक्षा में ही रोजाना टेस्ट लिया जाता था। इसके बाद नए विषय की जानकारी दी जाती थी। यदि किसी को कोई बात समझ में न आ रही हो तो वह सीधे अध्यापक से पूछ सकता था। अध्यापक खुश होकर उस छात्र को कक्षा में पूरी जानकारी देते थे। क्या मेल था उस समय छात्र और अध्यापक का।आज पब्लिक स्कूलों में फीस भी अधिक लग रही है और पढ़ाई से छात्र क्या उनके माता-पिता भी संतुष्ट नहीं दिखाई देते हैं। इन स्कूलों में महिला अध्यापिकाओं की भीड़ है। यह अध्यापिकाएं प्रशिक्षित भी नहीं होती हैं और स्कूल प्रबंध तंत्र कम वेतन पर इन लोगों को रख लेते हैं। यही अध्यापिकाएं स्कूलों में पढ़ाने के बाद घर पर ट्यूशन भी पढ़ाती हैं। और तो और ट्यूशन में भी होम वर्क दिया जाता है। छात्र होम वर्क करते-करते इतना थक जा रहा है कि वह परेशान है होम वर्क करने से। स्कूल वर्क का चलन घटता जा रहा है। इसके लिए कौन जिम्मेदार हैं, स्कूल प्रबंध तंत्र या टीचर। प्रबंध तंत्र पैसे कमाने में लगा हुआ है। उसे यह देखने की फुरसत कहां कि वह हर टीचर का ब्यौरा रोज मांगे। आज जरूरत है माता-पिता की जागरूपता। लोगों की जागरूपता के साथ ही सरकार को भी कड़े कदम उठाने चाहिए।
Subscribe to:
Posts (Atom)
