अल्ला रक्खा रहमान वैसे तो सिर्फ एक नाम है लेकिन हिंदुस्तानी फिल्म संगीत से जुड़े लोगों के लिए यह नाम कुछ खास मायने रखता है। उन्नीस सौ बानवे में तमिल फिल्म 'रोजा' के संगीतकार के रूप में एक लंबे बालों वाले लड़के ने फिल्मी दुनिया में कदम रखा और उस फिल्म के संगीत ने लोगों से एक वादा किया। यह वादा था फिल्म संगीत को आर्केस्टा की एकरस धुनों से निकाल कर एक ऐसे रूहानियत और पाकीजगी के मुकाम पर ले जाने का जहां वह ईश्वर से साक्षात्कार का माध्यम बन जाए। भविष्य में जब कभी हिंदुस्तानी सिनेमा का इतिहास लिखा जाएगा तो रहमान को सिर्फ इसलिए नहीं याद किया जाएगा कि उन्होंने दो-दो ऑस्कर पुरस्कार अथवा गोल्डन ग्लोब समेत अनेक राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय पुरस्कार जीते। बल्कि उन्हें याद किया जाएगा एक ऐसे संगीतकार के रूप में जिसने समकालीन संगीत के मायने बदल दिए। जिसके संगीत में ईश्वरीय पुकार थी और था राष्ट्र गौरव। ए आर रहमान का जन्म चेन्नई में मलयाली फिल्मों के लिए संगीत रचना करने वाले संगीतकार आर.के. शेखर के बेटे ए.एस. दिलीपकुमार के रूप में हुआ था। महज नौ वर्ष की अवस्था में अपने पिता का सानिध्य खो देने वाले रहमान के परिवार को संगीत उपकरण किराए पर देकर अपना जीवन यापन करना पड़ा लेकिन संगीत तो उनकी रगों में बहता था। एक सूफी संत से प्रभावित रहमान के पूरे परिवार ने उन्नीस सौ नबासी में इस्लाम की दीक्षा ले ली और वर्ष उन्नीस सौ बानवे में उन्हें प्रसिद्ध फिल्मकार मणिरत्नम ने फिल्म 'रोजा' का संगीत देने के लिए आमंत्रित किया। उन्नीस सौ तिरानवे में तमिल फिल्म 'रोजा' के संगीत के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार से शुरू हुआ यह सफर वर्ष दो हजार नौ में 'स्लमडॉग मिलियनेयर' के लिए ऑस्कर तक पहुंच चुका है।
सर्वश्रेष्ठ संगीत और गुलजार के साथ गीत रचना के दो ऑस्कर पुरस्कार हासिल करने के बाद रहमान ने कहा कि मेरी पूरी जिंदगी प्यार और नफरत के बीच झूलती रही, मैंने प्यार को चुना जिसकी वजह से आज मैं यहां हूं। टाइम मैगजीन द्वारा 'मोजार्ट ऑफ मद्रास' के नाम से पुकारे गए रहमान ने चेन्नई में केएम म्यूजिक कंजरवेटरी के नाम से म्यूजिक स्कूल खोला है, जहां वह संगीत का प्रशिक्षण दे रहे हैं। यही नहीं हाल ही में उन्होंने ए.आर. रहमान फाउंडेशन के नाम से उन्होंने एक संगठन की स्थापना की है जिसके सहारे वह देश से भूख और गरीबी का उन्मूलन करने के प्रयास कर रहे हैं। 'रोजा' के गीत 'दिल है छोटा सा, छोटा सी आशा' शुरू हुआ रहमान का सुरीला सफर 'बांबे', 'जींस', 'रंगीला', 'दिल से', 'ताल', 'लगान', 'जुबैदा', 'युवा' और 'रंग दे बसंती', 'गुरू' जैसी फिल्मों के सहारे जारी है।
मुंबई की पृष्ठभूमि पर आधारित ब्रिटिश निर्देशक डैनी बॉएल की फिल्म 'स्लमडॉग मिलियनेयर' 81वें ऑस्कर पुरस्कार समारोह में छा गई। फिल्म को विभिन्न श्रेणियों में आठ पुरस्कार मिले हैं। 'स्लमडॉग मिलियनेयर' भारतीय राजनयिक विकास स्वरूप की पुस्तक 'क्यू एंड ए' पर आधारित है। बॉएल को सवश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार मिला वहीं भारतीय संगीतकार ए.आर.रहमान को बेस्ट ऑरिजनल स्कोर (सर्वश्रेष्ठ संगीत) के लिए पहला ऑस्कर पुरस्कार मिला। इसके बाद उन्हें गीतकार गुलजार के साथ 'जय हो' गीत के लिए ऑस्कर पुरस्कार से नवाजा गया। रहमान ने पुरस्कार प्राप्त करने के बाद कहा, ''मुझे इस समय एक हिंदी फिल्म का डॉयलॉग याद आ रहा है। जिसमें नायक कहता है कि मेरे पास मां है। मेरी मां यहां है, उनका आशीर्वाद मेरे साथ है। यह मेरे लिए खुशी की बात है।'' रहमान ने कहा कि मेरी पूरी जिंदगी प्यार और नफरत के बीच झूलती रही और मैंने प्यार को चुना, जिसकारण मैं यहां हूं। लास एंजेलिस के कोडक थियेटर में रविवार को आयोजित समारोह में साउंड मिक्सिंग के लिए रेसुल पोकुट्टी को ऑस्कर पुरस्कार से नवाजा गया है। पोकुट्टी ने इयान टॉप और रिचर्ड प्राइके के साथ ऑस्कर पुरस्कार ग्रहण किया। फिल्म के संपादन के लिए क्रिस डिकन्स को ऑस्कर पुरस्कार से सम्मानित किया गया। 'स्लमडॉग मिलियनेयर' के लिए एंथनी डॉड मैंटल को सर्वश्रेष्ठ सिनेमेटोग्राफी का पुरस्कार मिला। पुरस्कार प्राप्त करने के बाद मैंटल ने कहा, ''मैं इस पुरस्कार के लिए हजारों लोगों का शुक्रिया अदा करता हूं, जिसके बिना यहां तक पहुंचना संभव नहीं था। मैं अपनी पत्नी, मां, पिताजी, भाई, बहन, डैनी बॉएल और उन सभी लोगों को धन्यवाद देता हूं, जिन्होंने फिल्म के निर्माण में सहायता की। 'स्लमडॉग मिलियनेयर' को सर्वश्रेष्ठ रुपांतरित पटकथा के लिए साइमन ब्यूफॉय को भी ऑस्कर पुरस्कार मिला है।
अब तक ऑस्कर पुरस्कार जीतने वाले भारतीयों के नाम-एक. भानु अथया - वर्ष उन्नीस सौ बानवे में आई रिचर्ड एटनबरो की फिल्म 'गांधी' में सर्वश्रेष्ठ वेशभूषा के लिए।
दो. सत्यजीत रॉय - वर्ष उन्नीस सौ बानवे में सिनेमा में जीवनपर्यत योगदान के लिए मानद 'लाइफटाइम अचीवमेंट' ऑस्कर।
तीन. ए.आर. रहमान - वर्ष दो हजार नौ में फिल्म 'स्लमडॉग मिलियनेयर' के गीत 'जय हो' के लिए दो ऑस्कर, सर्वश्रेष्ठ संगीत और सर्वश्रेष्ठ गीत (संयुक्त रूप से)।
चार. गुलजार - वर्ष दो हजार नौ में फिल्म 'स्लमडॉग मिलियनेयर' के लिए सर्वश्रेष्ठ गीत का ऑस्कर (संयुक्त रूप से), रहमान के साथ।
पांच. रेसुल पोक्कुट्टी - वर्ष दो हजार नौ में फिल्म 'स्लमडॉग मिलियनेयर' के लिए सर्वश्रेष्ठ साउंड मिक्सिंग का ऑस्कर।
Tuesday, February 24, 2009
Monday, February 16, 2009
रुपया कहां से आता है और कहां जाता है
सरकार के राजस्व का एक बड़ा हिस्सा उधार से आता है और इसी तरह खर्च का एक बड़ा हिस्सा ब्याज चुकाने में जाता है। सरकार के खजाने में आने वाले प्रत्येक एक रुपये में से उन्तीस पैसे उधार से, बाईस पैसे कारपोरेट कर से और बारह पैसे आयकर से आता है। बाकी में दस पैसे सीमा शुल्क से और बाकी के दस पैसे गैर-कर राजस्व मद से आते हैं। सेवा कर की हिस्सेदारी छह पैसे की होती है जबकि गैर-उधार पूंजी का हिस्सा एक फीसदी होता है। इसी तरह व्यय मद में प्रत्येक एक रुपये में बीस पैसे ब्याज पर खर्च होते हैं जबकि अट्ठारह पैसे केंद्रीय योजनाओं पर। केंद्र सरकार को प्रत्येक एक रुपये में से पंद्रह पैसे राज्यों को देने पड़ते हैं। अन्य गैर- बजटीय खर्च मद में चौदह पैसा जाता है। रक्षा मद में प्रति रुपये तेरह पैसे खर्च होते हैं जबकि खाद्यान, उर्वरक और ऊर्जा सब्सिडी के रूप में नौ पैसे खर्च होते हैं। राज्य व संघ शासित प्रदेशों की योजनाओं और गैर योजना सहयोग मद में क्रमश: सात और चार फीसदी खर्च होते हैं।
Sunday, February 8, 2009
इस साल का पहला चंद्रग्रहण नौ फरवरी को

इस साल का पहला चंद्रग्रहण सोमवार को होगा। इसे भारत समेत पूर्वी यूरोप, एशिया, आस्ट्रेलिया तथा उत्तरी अमेरिका के पश्चिमी हिस्सों में देखा जा सकेगा। चंद्रग्रहण भारतीय समयानुसार शाम छह बज कर आठ मिनट से शुरू होकर रात दस बज कर आठ मिनट पर खत्म होगा। प्लैनेटरी सोसाइटी आफ इंडिया के संस्थापक तथा सचिव रघुनंदन कुमार ने बताया कि रात आठ बज कर आठ मिनट पर चंद्रमा का करीब नब्बे प्रतिशत हिस्सा पृथ्वी के प्रकाशमान क्षेत्र की छाया से ढका होगा। चंद्रग्रहण देखने का सबसे अच्छा समय शाम साढ़े सात से साढ़े आठ बजे के बीच होगा। इस दौरान चंद्रमा के रंग में भी तब्दीलियां नजर आएंगी।
Tuesday, February 3, 2009
शहरों में गरीबी त्रुटिपूर्ण शहरीकरण से है

देश के शहरों में गरीबी की वजह गांवों में अत्यधिक गरीबी होना नहीं बल्कि इसका कारण है देश का त्रुटिपूर्ण शहरीकरण। यह तथ्य शहरी गरीबी पर जारी देश की पहली रिपोर्ट में उजागर किया गया है। संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम की मदद से तैयार यह रिपोर्ट 'भारत शहरी गरीबी रिपोर्ट-2009' आवास एवं शहरी गरीबी उन्मूलन मंत्रालय ने जारी की। इस रिपोर्ट में कहा गया है कि करीब 23.7 प्रतिशत शहरी आबादी झोंपडपट्टियों में बदहाली की हालत में रह रही है लेकिन सभी झोंपडपट्टीवासी गरीबी की रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले लोग नहीं है। ये लोग कमजोर शहरी योजना, शहरी जमीनी प्रबंधन तथा कानूनों के कारण ऐसी स्थितियों में रहने को मजबूर हैं। शहरी गरीबी का तात्पर्य केवल पोषकता का अभाव नहीं बल्कि आवास, पानी, साफ सफाई, चिकित्सा, सुविधाएं, शिक्षा तथा धनउपार्जन के अवसरों की कमी से है। रिपोर्ट में कहा गया है कि यह रिपोर्ट शहरों में रहने वाले गरीबों पर नहीं बल्कि भारत में शहरीकरण की प्रक्रिया पर है जिसमें गरीबी को मुख्य बिन्दु की तरह रखा गया है।
Saturday, January 31, 2009
स्नानार्थियों का तांता

इसे संगम व मां गंगा की महिमा ही कही जानी चाहिए। शुक्रवार शाम तक काफी हद तक खाली नजर आ रहा माघ मेला क्षेत्र आधी रात के बाद भरना शुरू हो गया। सुबह होते होते इतनी भीड़ हो गयी कि मेला प्रशासन को कई बार श्रद्धालुओं को संगम से दूर ले जाना पड़ा। माघ मेला के चौथे महत्वपूर्ण स्नान पर्व वसंत पंचमी पर कुछ ऐसा ही नजारा रहा। वसंत पंचमी पर गंगा, यमुना व अदृश्य सरस्वती के पावन संगम पर डुबकी मारने के लिए श्रद्धालुओं की खासी भीड़ उमड़ी व लाखों श्रद्धालुओं ने भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संगम में डुबकी लगाई। मेला प्रशासन ने इस दौरान सत्ताईस लाख श्रद्धालुओं के स्नान का दावा किया। वसंत पंचमी का स्नान पर्व शनिवार को पूर्ण धार्मिक श्रद्धा व परंपरा के साथ मनाया गया। इस पर्व पर स्नान के लिए श्रद्धालुओं का आना शुक्रवार रात से शुरू हो गया था। शाम को खाली नजर आ रहा मेला क्षेत्र सुबह होते होते पूरी तरह स्नानार्थियों से पट गया था। परेड, झूंसी व दारागंज सहित मेला क्षेत्र की ओर जाने वाले सभी मार्ग पूरी तरह से भरे रहे। भीड़ बढ़ने के चलते मेला प्रशासन ने कई बार श्रद्धालुओं को काली सड़क स्थित पुल से झूंसी की ओर भेजा तथा त्रिवेणी मार्ग स्थित पुल से घुमा कर वापस संगम क्षेत्र पहुंचाया। इस कवायद के बीच कई श्रद्धालुओं ने संगम की जगह गंगा में ही डुबकी लगाना बेहतर समझा। वसंत पंचमी के स्नान के लिए मेला क्षेत्र में सुरक्षा की विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। मेला प्रबंधन ने स्नान पर्व शांतिपूर्ण व दुर्घटना विहीन ढंग से संपन्न होने का दावा करते हुए कहा कि इस दौरान करीब 27 लाख स्नानार्थियों ने संगम में डुबकी लगाई।
Thursday, January 29, 2009
भाईचारे में डूबे गांधीजी को विभाजन मंजूर न था

रघुपति राघव राजा राम गाने वाले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को रामनाम पर इस कदर भरोसा था कि वह कई बार बीमारी की स्थिति में भी उपचार के बदले रामनाम पर जोर देते थे और उन्होंने कई दफा अपनी इस भावना को व्यक्त भी किया। गांधी ने अपनी आत्मकथा में लिखा है कि बचपन में उन्हें भूत-प्रेत आदि से डर लगता था और इस डर को दूर करने के लिए वह रामनाम जपते थे। बचपन के भय से ही राम के प्रति लगाव का उनमें बीजारोपण हुआ। गांधीजी के आखिरी दिनों में उनके साथ रही उनकी पौत्री मनुबेन ने अपनी पुस्तक 'बापू मेरी मां' में उल्लेख किया है कि नोआखाली में आमकी नामक गांव में वे ठहरे हुए थे। वहीं उनकी तबीयत खराब हो गयी और वह बेहोश हो गए। तबीयत खराब होते ही मनु घबरा गयीं और अन्य लोगों को बुलाने लगीं। थोड़ी देर बाद होश आने पर बापू ने मनु से कहा कि वह उद्यम उन्हें अच्छा नहीं लगा। तुमसे मेरी उम्मीद यही है कि तुम और कुछ न करके सिर्फ सच्चे दिल से रामनाम लेती रहो-मेरा सच्चा डाक्टर तो मेरा राम ही है। जहां तक उसे मुझसे काम लेना होगा वहां तक वह मुझे जिलाएगा नहीं तो उठा लेगा। मनुबेन के अनुसार उसी दिन बापू ने एक बीमार बहन को पत्र लिखकर कहा कि संसार में अगर कोई अचूक दवाई है तो वह रामनाम है। यह घटना तीस जनवरी उन्नीस सौ सैंतालीस की थी यानी बापू की मृत्यु से ठीक एक साल पहले। उन्होंने लिखा है कि रामनाम में यह श्रद्धा आखिर तक बनी रही। तीस जनवरी उन्नीस सौ अड़तालीस को उन्होंने मनु से कहा था कि आखिर दम तक हमें रामनाम रटते रहना चाहिए। वह दिन बापू का आखिरी दिन साबित हुआ। महात्मा गांधी ने सत्य के साथ प्रयोग और आत्मकथा में भी ऐसा ही जिक्र किया है। उन्होंने लिखा है कि उन्हें भूत प्रेत आदि से डर लगता था। उनकी धाय रंभा ने बताया कि इसकी दवा रामनाम है। उन्होंने आगे लिखा है कि मुझे रामनाम से अधिक श्रद्धा रंभा पर थी। इसलिए बचपन में भूत प्रेत आदि के भय से बचने के लिए मैंने रामनाम जपना शुरू किया। यह जप बहुत समय नहीं चला। पर बचपन में जो बीच बोया वह नष्ट नहीं हुआ। आज रामनाम मेरे लिए अमोघ शक्ति है। गांधी ने अपनी आत्मकथा में लिखा है कि बचपन में जिस चीज का उनके मन पर गहरा असर पड़ा वह था रामायण पारायण। तेरह साल की उम्र में उन्हें रामचंद्रजी के परम भक्त लाधा महाराज से रामायण सुनने का मौका मिला। वे दोहा चौपाई गाते और अर्थ समझाते। स्वयं उसके रस में लीन हो जाते और श्रोताओं को भी लीन कर देते। उनके पाठ में मुझे खूब रस आता था। यह श्रवण रामायण के प्रति मेरे अत्यधिक प्रेम की बुनियाद है। मैं तुलसीदास की रामयाण को भक्तिमार्ग का सर्वोत्तम ग्रंथ मानता हूं। गांधी की हत्या के बाद जो प्राथमिकी दर्ज करायी गयी उसमें दर्ज मनुबेन के बयान के मुताबिक गोली लगने के बाद राष्ट्रपिता के मुंह से रामनाम ही निकला। शांति के लिए नोबेल पुरस्कार नहीं मिलने की प्रमुख वजह अफ्रीका प्रवास के वक्त अफ्रीकियों के लिए संघर्ष नहीं करने और सिर्फ भारतीयों के हित की आवाज उठाने के आरोपों पर स्वयं सफाई देते हुए महात्मा गांधी ने स्पष्ट किया था कि उस देश में भारतीय खुद ही काफी दयनीय स्थिति में थे और वहां के मूल निवासी उस समय संघर्ष के लिए तैयार नहीं थे। गांधी ने अपने सहयोगी और शांति निकेतन में शिक्षाविद् रहे काका साहब कालेलकर के साथ बातचीत के क्रम में अफ्रीका की घटना का जिक्र आने पर यह सफाई दी थी जिसका जिक्र उन्होंने अपनी आत्मकथा में किया है। नोबेल पुरस्कार के लिए कई बार नामित होने के बावजूद महात्मा गांधी को नोबेल पुरस्कार समिति ने दक्षिण अफ्रीका में अफ्रीकियों के लिए आवाज नहीं उठाने और असहयोग आंदोलन के दौरान हिंसक चौरीचौरा कांड के मद्देनजर नोबेल शांति पुरस्कार के लिए उनका चयन नहीं किया था। वर्ष उन्नीस सौ सैंतीस की नोबेल पुरस्कार समिति के सलाहकार जैकब वर्ममूलर ने गांधी के बारे में एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार की थी जिसमें इन कारणों का उल्लेख किया गया। अफ्रीका प्रवास के दौरान अफ्रीकियों के लिए संघर्ष नहीं करने और केवल भारतीयों के हितों के लिए आवाज उठाने के आरोपों पर महात्मा गांधी ने अपने सहयोगी तथा शांति निकेतन के शिक्षाविद् रहे पद्म भूषण काका साहब कालेलकर को बताया था कि यह मेरे आत्मसंयम को दर्शाता है। दक्षिण अफ्रीका में हम भारतीय खुद ही काफी दयनीय स्थिति में थे। हमें अपने अस्तित्व के लिए संघर्ष करना पड़ रहा था। गांधी ने कहा था कि अगर मैं अफ्रीकियों के लिए आवाज उठाता तो इससे कोई मकसद हल नहीं होता क्योंकि अफ्रीकी उस समय संघर्ष के लिए तैयार नहीं थे। बापू ने कालेलकर को बताया था कि मुझे विश्वास था कि अगर मैं अफ्रीका में अहिंसा के जरिये भारतीयों के लिए न्याय सुनिश्चित करने में सफल रहा तो इससे अफ्रीकियों को जागृति का मौन संदेश मिल जाएगा। प्रसिद्ध गांधीवादी, शिक्षाविद् तथा स्वतंत्रता सेनानी जेबी कृपलानी ने महात्मा गांधी पर अपनी पुस्तक में लिखा कि जब कोई विदेशी सत्य और अहिंसा पर संदेश देने के लिए बापू से सम्पर्क करता था तो उनका जवाब होता था-पहले मुझे भारत में बेहतर साबित होने दें तो पूरे विश्व को खुद ब खुद संदेश मिल जायेगा क्योंकि पूरा विश्व आपस में जुड़ा हुआ है। खुलापन और एक विश्व की बापू की परिकल्पना अनोखी थी। बापू ने बारह जनवरी उन्नीस सौ अट्ठाईस को यंग इंडिया में लिखा था कि मेरा लक्ष्य भारत की आजादी से कहीं बड़ा है। भारत को विदेशी दासता से मुक्त करा कर मैं पृथ्वी पर कमजोर वर्ग को दमन के खिलाफ आवाज बुलंद करने और समग्र विकास की दिशा में अग्रसर होने का संदेश देना चाहता हूं। महात्मा गांधी के जीवन दर्शन में एक विश्व खुलापन और विश्व शांति के तत्व सन्निहित हैं और इसी दर्शन के अनुरूप उन्होंने जर्मनी के खिलाफ ब्रिटेन की मदद का वायदा और भारत के विभाजन का विरोध किया। कालेलकर ने अपनी आत्मकथा में लिखा है कि महात्मा गांधी के लेखों, भाषणों,विचार और दर्शन पर गौर करें तो स्पष्ट है कि उन्होंने एक विश्व खुलापन और विश्व शांति की अवधारणा को आत्मसात किया था। कालेलकर ने लिखा कि बापू ने मुझे बताया कि उन्नीस सौ पन्द्रह में जर्मनी के खिलाफ ब्रिटेन के नेतृत्व वाली मित्र सेना को मदद के वादे के पीछे हमारा उद्देश्य जर्मनी को पूर्ण बर्बादी से बचाना है। गांधी ने काका कालेलकर को बताया कि ब्रिटेन की मदद करके ही हम शांति सम्मेलन में बैठ सकते हैं और ब्रिटेन को बता सकते हैं कि जर्मन भी उनके भाई ही हैं और हमें एक विश्व व्यवस्था में रहना सीखना चाहिए। खुले विश्व की परिकल्पना के आधार पर ही महात्मा गांधी ने भारत के विभाजन का विरोध किया था। वसुधैव कुटुम्बकम और मानवता पर आधारित भाईचारे में दृढ़ विश्वास रखने वाले बापू हिन्दू और मुसलमान के आधार पर भारत के दो देश के रूप में विभाजन को कैसे स्वीकार कर सकते थे।
Monday, January 26, 2009
पहली बार बिना पीएम के मनाया गया गणतंत्र दिवस

देश के साठवें गणतंत्र दिवस पर राजधानी में आयोजित परेड समारोह में पहली बार प्रधानमंत्री की अनुपस्थिति खली। स्वास्थ्य कारणों से प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह अनुपस्थित थे। ऐसा पहली बार हुआ कि कोई प्रधानमंत्री गणतंत्र दिवस पर रहा। भारतीय गणतंत्र की साठवीं सालगिरह के मौके पर यहां राजपथ पर देश के सुरक्षा बलों के अप्रतिम शौर्य की गूंज के साथ ही देश की सैन्य शक्ति और विविधतापूर्ण सांस्कृतिक विरासत के रंगबिरंगे प्रदर्शन से देशवासी राष्ट्रीय गौरव की भावना से अभिभूत हो गए। अपने अदम्य साहस और शौर्य के बलबूते दुश्मनों के छक्केछुड़ा देने और देश की आन बान और शान की रक्षा के लिए शहीद हुए ग्यारह वीर सपूतों को इस अवसर पर 'अशोक चक्र' से सम्मानित किया गया। रक्षा मंत्री एके एंटनी की ओर से इंडिया गेट स्थित अमर जवान ज्योति पर शहीदों को श्रद्धांजलि देने के साथ ही गणतंत्र दिवस समारोहों का शुभारंभ हुआ। करीब सवा दो घंटे चले इस कार्यक्रम के दौरान सशस्त्र सेनाओं के शौर्य और पराक्रम का नजारा मिलने के साथ देश की बहुआयामी संस्कृति की झलक भी देखने को मिली। सशस्त्र सेनाओं ने एक ओर जहां अत्याधुनिक उपकरणों का प्रदर्शन किया, वहीं सेना, नौसेना और वायुसेना के अलावा अर्द्धसैनिक बलों ने मार्च पास्ट का बेहतरीन नमूना पेश किया। कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों ने भी सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। करीब ढाई किलोमीटर लंबे राजपथ पर आयोजित भव्य रंगारंग परेड की शुरुआत में राष्ट्रपति प्रतिभा देवीसिंह पाटिल इस बार के गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि कजाकस्तान के राष्ट्रपति नूरसुल्तान एबशिवच नजरवाएव के साथ सलामी मंच पर आसीन हुयीं। इसके बाद राष्ट्रपति और मुख्य अतिथि को इक्कीस तोपों की सलामी दी गयी। राष्ट्रपति के ध्वज फहराने और राष्ट्रगान के साथ ही गणतंत्र दिवस समारोह शुरू हो गया। उत्कृष्ट बहादुरी और अनुकरणीय कर्तव्यपरायणता का प्रदर्शन करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए ग्यारह वीर सपूतों को मरणोपरांत अशोक चक्र से सम्मानित किये जाने की घोषणा किए जाने के समय उपस्थित जनसमूह की आखें नम हो गयीं। .इस बार की गणतंत्र दिवस में झांकि यां और शस्त्र प्रदर्शनों की संख्या कम रखी गयी जिससे यह समारोह दस बजे से शुरू होकर सवा बारह तक निपट गया। ..इस बार भीड अपेक्षाकृत कम आयी। ..परेड के दौरान एक बच्चे का जूता निकल गया जिसे बाद में सफाई कर्मियों ने वहां से हटाया। ..भारीभरकम अग्नि तीन प्रक्षेपास्त्र जैसे ही राजपथ पर आया वहां आये जनसमूह ने एकबारगी आंखे खुली रह गयी। ..इस बार शक्तिशाली भीष्म टैंक की गड़गड़ाहट ने परेड की अगुवाई की। ..सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच जगह जगह लोगो की तलाशी ली गयी और लोगों को कुछ भी परेड स्थल पर ले जाने नहीं दिया गया। ..इस बार सूर्य किरण विमान का जलवा देखने से लोग वंचित रह गये। ..राष्ट्रपति के पति देवी सिंह शेखावत की सुंदर और लम्बी पगड़ी ने सभी का ध्यान खींचा। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने सोमवार को टेलीविजन पर साठवें गणतंत्र दिवस समारोह को देखा। बाइपास सर्जरी के बाद प्रधानमंत्री एम्स में स्वास्थ्य लाभ कर रहे हैं। राजधानी दिल्ली में यातायात प्रतिबंधों के बावजूद ऐतिहासिक राजपथ पर देश के साठवें गणतंत्र दिवस समारोह को देखने के लिए लोगों का जोश पूरे उफान पर था। हालांकि यातायात प्रतिबंध के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा और समारोह स्थल तक पहुंचने के लिये कम-से-कम तीन से चार किलोमीटर तक की पैदल यात्रा करनी पड़ी। सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए पुलिस ने बसों को दक्षिण दिल्ली में सफदरजंग मकबरा के पास ही रोक दिया और आटो को तुगलक रोड पुलिस स्टेशन से आगे नहीं बढ़ने दिया। इसके बाद अलग-अलग श्रेणी के पासवालों को औरंगजेब रोड एवं तुगलक रोड से राजपथ तक की दूरी पैदल ही तय करनी पड़ी। प्रशासन की ओर से शटल बसों की व्यवस्था तो थी लेकिन वह सीमित थी। इन मार्गो पर सुबह आठ बजे तक कोई शटल बस नजर नहीं आयी। उस पर भी बच्चों, बूढ़ों एवं महिलाओं को भी पैदल ही इतनी दूरी तय करनी पड़ी। इतना ही नहीं लोगों को निर्देशित करने के लिये विभिन्न जगहों पर खड़े पुलिसवालों को टिकट पर अंकित कतार नंबर तक पहुंचने के लिये रूटों का पता नहीं था और उन्हें लोगों को सही जानकारी देने में कठिनाई हो रही थी। इससे लोग प्रभावित हो रहे थे।
Subscribe to:
Posts (Atom)
