Tuesday, August 19, 2008
हड़ताल से बेहाल लोग
लोगों के जीवन पर हड़ताल का इतना गलत प्रभाव पड़ता है कि पूरी दिनचर्या ही खराब हो जाती है। यदि कोई व्यक्ति बैंक जाता है और ताला लटका हुआ पाते हैं तो उसका गुस्सा वहीं पर फूट पड़ता है। बैंक कर्मी अपने निहित स्वार्थ के लिए इस तरह के हथकंडे अपनाते हैं, उन्हें लोगों की परेशानियों से कोई मतलब नहीं होता। सरकार को इस पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा देना चाहिए। कल बैंकों में हड़ताल का दिन रहेगा। ट्रेड यूनियनों के साथ साथ सार्वजनिक बैंकों के कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर कल हड़ताल करने की घोषणा की है। इसका असर विशेषकर सार्वजनिक बैंकिंग परिचालन पर पड़ सकता है। सार्वजनिक बैंकों के कर्मचारियों के एक वर्ग ने विलय तथा बैंकिंग उद्योग में आऊटसोर्सिग के खिलाफ हड़ताल की घोषणा की है। एसबीआई तथा रिजर्व बैंक के कर्मचारी इसमें शामिल नहीं होंगे। सार्वजनिक बैंकों के साथ साथ क्षेत्रीय ग्रामीण एवं सहकारी बैंकों के कर्मचारी भी इस हड़ताल में भाग लेंगे। सार्वजनिक बैंकिंग क्षेत्र में एक ही हफ्ते में यह दूसरी बार हड़ताल होगी। उधर देश की आठ प्रमुख श्रमिक संगठनों ने सरकार की कतिपय श्रमिक विरोधी तथा नव उदारवादी नीतियों के खिलाफ कल हड़ताल की घोषणा की है। हड़ताल देशव्यापी होगी। एटक के अलावा सीटू ने भी इस हड़ताल का समर्थन किया है। इसी तरह केंद्र एवं राज्य सरकारों के 40 विभिन्न कर्मचारी संगठन भी इसमें शामिल होंगे।
Monday, August 18, 2008
एक तानाशाह का अंत

इतिहास गवाह रहा है कि दुनिया के तानाशाहों और ताकतवर शासकों का अंत हमेशा बुरा हुआ है। उन्हें या तो महाभियोगों का सामना करना पड़ा है या फिर इस्तीफा देना पड़ा है। कुछ को तो फांसी दे दी गई या फिर उनकी हत्या कर दी गई। पाकिस्तान के राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ ने उनके खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव से पहले ही इस्तीफा देकर इतिहास को दोहराया है। मुशर्रफ से पहले हिटलर, मुसोलिनी से लेकर स्टालिन तक को इन्हीं रास्तों से गुजरना पड़ा है। हिटलर ने आत्महत्या कर ली जबकि स्टालिन को उनकी पार्टी ने उनके पद से हटा दिया। 19वीं सदी में अमेरिकी राष्ट्रपति अब्राहम लिंकन की हत्या के बाद राष्ट्रपति बने एंड्रयू जानसन को भी 1868 में महाभियोग का सामना करना पड़ा था। 1867 में अमेरिकी कांग्रेस ने कार्यालय अवधि कानून बनाया जिसके तहत राष्ट्रपति सीनेट की अनुमति के बगैर किसी अधिकारी को बर्खास्त नहीं कर सकता था, लेकिन राष्ट्रपति जानसन ने अपने सेक्रेटरी वाफ कर एडविन एम स्टैंटन को बर्खास्त कर दिया। इसलिए उन्हें इस कानून के उल्लंघन के मामले में महाभियोग का सामना करना पड़ा, लेकिन एक वोट की कमी से महाभियोग पारित नहीं हो पाया और 26 मई 1868 को जानसन इस आरोप से बरी हो गए। सात अक्टूबर 1998 को प्रधान मंत्री नवाज शरीफ ने कई वरिष्ठ अधिकारियों को दरकिनार कर मुशर्रफ को सेनाध्यक्ष नियुक्त किया था। 1999 में नवाज शरीफ का तख्तापलट कर देश की बागडोर संभाली और 2001 में खुद को पांच साल के लिए देश का सैनिक राष्ट्रपति घोषित कर दिया। 2004 में सेनाध्यक्ष के पद से इस्तीफा देकर राष्ट्रपति बने रहे। आज पूरे पाक में खुशी का नजारा दिखाई दे रहा है। एक तानाशाह का अंत किसे अच्छा नहीं लगता है। वह सेना के बल पर देश पर हुकूमत करता रहा। लोकतांत्रिक व्यवस्था की धज्जियां उड़ा कर रख दी थी। तानाशाह शासकों का अंत हमेशा बुरा ही हुआ है। इसका गवाह न सिर्फ पाक है बल्कि अमेरिका समेत अन्य देश हैं। अब प्रश्न उठता है कि क्या गद्दी से हटकर मुशर्रफ देश में सुरक्षित रह पाएंगे। हो सकता है कि वह देश ही छोड़ दें। यदि देश छोड़ भी देते हैं तो कब तक उस देश में सुरक्षित रहेंगे, क्योंकि उनको तबाह करने वाले साए की तरह उनके पीछ पड़ेंगे और उनका मटियामेट करके ही मानेंगे। हो सकता मुशर्रफ को भी इसका आभास हो।
Sunday, August 17, 2008
प्रचंड को कांटों भरा ताज

तकरीबन एक दशक तक माओवादी हिंसा से जूझते रहे नेपाल की गिनती दुनिया के गरीब देशों में से है जहां ईधन की किल्लत और तेल तथा अनाजों की बेतहाशा मंहगायी सबसे बड़ी समस्या है। माओवादी नेता पुष्प कमल दहल प्रचंड के कल नेपाल के प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के साथ ही नेपाल में सरकार बनाने को लेकर जारी गतिरोध तो खत्म हो जाएगा लेकिन बतौर प्रधानमंत्री उनके समक्ष कई बड़ी चुनौतियां होंगी। प्रचंड के शपथ लेने के साथ ही नये मंत्रिमंडल का गठन भी किया जाएगा लेकिन यह रास्ता सहज नहीं दीखता। अपै्रल में हुए संविधान सभा चुनाव में पूर्ण बहुमत हासिल करने से चूकने के बावजूद सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरे माओवादियों ने लोगों से वायदा किया था कि वह नेपाल को एक नया रूप देगें। देश से राजशाही का अंत कर लोकतांत्रिक व्यवस्था बहाल करने का कदम उठाकर उन्होंने पहली कामयाबी तो हासिल कर ली लेकिन जनता से किए गए कयी वायदे अभी पूरे किए जाने हैं। राजनीतिक विश्लेषकों की मानें तो माओवादियों को नेपाल में बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, रोजगार और खाद्य सुरक्षा मुहैया कराने की चुनौती से निबटना है। जबतक यह पूरी नहीं होतीं देश में स्थायी शांति संभव नहीं होगी। सरकार के सामने कई समस्याएं है, मसलन अगले दो वर्षो में नया संविधान तैयार करना है। माओवादियों ने देश के एकात्मक शासन व्यवस्था को संघीय रूप देने का वायदा किया है। पर इस रास्ते में देश के दक्षिणी मैदानी इलाकों में सक्रिय मधेसी समुदाय सबसे बडी मुश्किल है जो अपने लिए स्वायत्ता राज्य की मांग कर रहा है हालांकि माओवादियों कहा है कि सरकार में मधेसियों को मुख्य घटक के रूप में शामिल किया जाएगा।
Saturday, August 16, 2008
संपन्न हुई अमरनाथ यात्रा

भूमि हस्तांतरण विवाद के कारण सुलगते जम्मू-कश्मीर के बीच आखिरकार छड़ी मुबारक आज सुबह 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित पवित्र अमरनाथ गुफा पहुंच गई और इसी के साथ ही दो माह तक चलने वाली सालाना अमरनाथ यात्रा संपन्न हो गई। एक मुसलमान ने श्री अमरनाथ गुफा की खोज आज से 160 साल पहले की थी। उसके बाद से आज तक वहां दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या इतनी कभी नहीं रही जितनी इस साल रही। इस साल रिकार्ड साढ़े पांच लाख लोगों ने श्री अमरनाथ जी के शिवलिंग के दर्शन किये। पंजतरणी में रात्रि विश्राम के बाद छड़ी मुबारक ले कर इसके संरक्षक महंत दीपेन्द गिरि सुबह करीब नौ बजे पवित्र गुफा पहुंचे। पंजतरणी अमरनाथ गुफा के मार्ग पर पड़ने वाला तीसरा एवं अंतिम विश्राम केंद्र है। 300 क्यूबिक मीटर क्षेत्र में फैली गुफा के मंदिर में 250 से अधिक साधुओं की मौजूदगी में छड़ी मुबारक की पूजा की गई। इस वर्ष करीब 5.50 लाख श्रद्धालुओं ने पवित्र अमरनाथ गुफा में पूजा की। यह संख्या अब तक की सर्वाधिक संख्या है और यह एक रिकार्ड है। इससे पहले 2004 में चार लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने पवित्र गुफा में पूजा की थी। इस वर्ष यात्रा के दौरान 68 व्यक्तियों की मौत हुई जिनमें से ज्यादातर के कारण प्राकृतिक थे। मृतकों में यात्रा मार्ग पर तैनात सीमा सुरक्षा बल का एक जवान और एक पुलिसकर्मी एक कुली और एक दुकानदार भी शामिल हैं। श्रद्धालुओं की अधिक संख्या के कारण प्रशासन ने इस वर्ष यह यात्रा निर्धारित समय से एक दिन पहले 17 जून से आरंभ कर दी थी।
Friday, August 15, 2008
इसकी शान न जाने पाए, चाहे जान भले ही जाए

देश आज आजादी की 62वीं वर्षगांठ मना रहा है। सरकारी इमारतों पर राष्ट्रीय तिरंगा झंडा न सिर्फ देश में ही बल्कि विदेशों में भी भारतीय दूतावासों आदि पर फहराए गए। आज हिंदुस्तान के बच्चे-बच्चे तक ने जिस झंडे को लेकर भारत की आन, बान और शान को बरकरार रखा, और शपथ खाई की इसकी शान नहीं जाने देंगे, चाहे जान भले ही जाए। इसी अवधारणा के तहत ही आजादी के लिए छेड़े गए आंदोलन के दौरान लोग तिरंगे को झुकने नहीं देते थे, लेकिन अंग्रेजी हुकूमत के शासक लोग इस तिरंगे को पैर से कुचला करते थे। किसी भी देश का झंडा उसकी शान हुआ करती है, उसकी पहचान हुआ करती है। आजादी के दीवानों ने इस तिरंगे की रक्षा करने में अपने प्राणों की बाजी तक लगा दी थी, हजारों लोग मारे भी गए लेकिन हिम्मत नहीं हारी। तब जाकर देश को आजादी मिली। अब इस धरोहर को बरकरार रखना हमारा प्रमुख दायित्व बनता है। हर वर्ष आज के ही दिन हम कसम खाते है कि देश की आन, बान और शान के ढांचे को बरकरार रखेंगे। लोगों को आज के दिन विशेष संकल्प लेना चाहिये ताकि उन लोगों को सच्ची श्रद्धांजलि दी जा सके, जिन्होंनें देश को आजाद कराने में अपनी कुर्बानी दी। बासठवें स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र के नाम संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि वह एक ऐसा नया भारत देखना चाहते है, जिसमें वैज्ञानिक सोच हो और जहां शिक्षा का फायदा समाज के हर तबके को मिलता हो। कश्मीर घाटी में कडे़ सुरक्षा प्रबंधों के बीच आज 62वां स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने आज 62वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लालकिले पर तिरंगा फहरानें के बाद राष्ट्र के नाम संबोधन में कहा कि मैंने अपने जिंदगी के पहले दस साल एक छोटे से गांव में बिताए जहां न बिजली थी, न पीने का पानी का सही इंतजाम, न कोई डाक्टर, न सड़क, न ही फोन। मुझे मीलों पैदल चलकर स्कूल जाना पडता था। मुझे रात में मिट्टी क े तेल के लैंप की हल्की रोशनी में पढ़ाई करनी पड़ती थी। आजादी मिलने के बाद ग्रामीण इलाकों में काफी विकास हुआ है फिर भी जिस तरह की जिंदगी मैंने बचपन में गुजारी थी वैसी ही जिंदगी अभी भी हमारे देश में बहुत से लोग गुजार रहे हैं। आज देश में जनसंख्या के अनुपात में बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। और यह अभाव बना रहेगा क्योंकि जब तक देश के मंत्री, नेता ईमानदार होकर सरकारी धन को विकास योजना के लिए नहीं लगाएंगे तब तक उम्मीद करना बेकार है कि विकास होगा। केंद्र से आवंटित धन को राज्य सरकारें गलत ढंग से तैयार किए गए रजिस्टर के माध्यम से खा-पी रहीं है। यह देश का दुर्भाग्य है कि ईमानदार लोग नेता नहीं बन रहे है, और जो नेता है वह ईमानदार नहीं है। स्वतंत्रता दिवस पर आज हम शपथ लें कि बेईमान, भ्रष्ट नेताओं को समाज में प्रमुख स्थान न दें, क्योंकि वह हमारा ही पैसा खाकर हमें ही विकास से दूर रख रहे हैं। आजादी के उन रणबांकुरों के प्रति, जिन्होंने अपने प्राणों को देश के प्रति न्यौछाबर कर दिए थे उनके लिए देश को आजाद कराना पहली प्राथमिकता थी, को हमारी सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी जब आज के नेताओं को ईमानदारी, कानून का ज्ञान, समाज में रहने के तौर-तरीके व चरित्र को न गिरने देने की शिक्षा आ जाएगी।
Thursday, August 14, 2008
केंद्रीय कर्मियों को स्वतंत्रता दिवस का तोहफा
सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों के लिये गठित छठे वेतन आयोग की सिफारिशों को मामूली फेरबदल के साथ मंजूरी दे दी। उसकी मुख्य बातें इस प्रकार हैं:.. नये वेतनमान जनवरी 2006 से लागू। .. बढ़ा हुआ वेतन अगले महीने से मिलेगा।.. बकाया का नकद भुगतान दो किस्तों में। चालीस प्रतिशत की पहली किस्त का भुगतान इस वर्ष, बाकी 60 प्रतिशत का भुगतान अगले वित्त वर्ष में।.. भत्तों सहित कम से कम वेतन 10 हजार रुपये और अधिकतम 90 हजार रुपये।.. वार्षिक वेतनवृद्धि तीन प्रतिशत।.. ए-वन और ए श्रेणी के शहरों के लिये न्यूनतम परिवहन भत्ता 600 रुपये तथा अन्य शहरों के लिये 400 रुपये।.. सैनिक, असैनिक कर्मचारियों को सेवाकाल में कम से कम तीन पदोन्नति अवश्य मिलेंगी।.. विशेष सैन्य सेवा वेतन के तहत सेना के जवानों को 2000 रुपये और अधिकारियों को 6000 रुपये का अतिरिक्त भुगतान।..प्रत्येक राज्य में पुलिसमहानिदेशक तथा प्रधान मुख्य वन संरक्षक के एक-एक पद को 80 हजार रुपये के शीर्ष ग्रेड में रखा जायेगा।..चालू वित्त वर्ष में नये वेतनमान का 15700 करोड़ रुपये का बोझ केन्द्रीय बजट पर और 6400 करोड़ रुपये का बोझ रेलवे बजट पर पड़ेगा।केंद्रीय कर्मचारियों की वेतन बढ़ोतरी का मुद्रास्फीति पर कुछ खास असर नहीं होगा लेकिन निश्चित तौर पर राजकोषीय घाटे और ब्याज दरों पर इसका प्रभाव पड़ेगा क्योंकि मुद्रास्फीति आपूर्ति पक्ष की समस्या है। सरकार का राजकोषीय घाटा जीडीपी के 0.4 प्रतिशत के बराबर बढ़ेगा क्योंकि केन्द्र सरकार को वेतन बिल की भरपायी के लिए अतिरिक्त संसाधन जुटाने होंगे। सरकार ने आज छठे वेतन आयोग की संशोधित सिफारिशों को मंजूरी दे दी। इससे चालू वित्त वर्ष के दौरान राजकोष पर 22 हजार करोड़ रुपये से अधिक का बोझ पड़ेगा। सरकार ने 2008-09 के दौरान एरियर के 40 फीसदी और अगले वित्त वर्ष में शेष 60 फीसदी के भुगतान का भी ऐलान किया है ।
Wednesday, August 13, 2008
स्वर्ण पदक विजेता महिला की मार्मिक कहानी

यह एक बेटी के पिता से बिछड़ने की मार्मिक कहानी है और यह बेटी कोई और नहीं बल्कि चीन की ओलंपिक चैंपियन गुआओ वेनजुन है जिसके पिता नौ साल पहले उससे बिछड़ गये थे। चौबीस वर्षीय गुआओ ने महिलाओं की दस मीटर एयर पिस्टल में नये ओलंपिक रिकार्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता और फिर अपनी कहानी सबके सामने बयां की और आशा जतायी कि इस सफलता से उनका दूसरा सपना सच हो जाएगा और वह फिर से अपने पिता को देख पाएगी। तभी से गुआओ के पिता को ढूंढने के लिये आनलाइन पर खोज अभियान शुरू हो गया है। चाइना डेली के अनुसार गुआओ जब 14 साल की थी तब उनके माता-पिता में तलाक हो गया था। उसने अप्रैल 1999 से अपने पिता को नहीं देखा है। गुआओ को अगले दिन सिचुआन प्रांत के चेंगदु में राष्ट्रीय एयर पिस्टल प्रतियोगिता में भाग लेने के लिये जाना था लेकिन उससे पहली रात उसके पिता चुपचाप उसे छोड़कर चले गये। इस निशानेबाज के पास अपने पिता की निशानी के तौर पर सलेटी रंग का कोट और उसके कोच हुआंग यानहुआ के लिये लिखा गया पत्र है। इस पत्र में उन्होंने लिखा था मैं बहुत दूर जा रहा हूं, मैं चाहता हूं कि आप मेरी पुत्री के साथ अपनी बेटी जैसा व्यवहार करो और उसे अपना सर्वश्रेष्ठ हासिल करने में मदद करो। अपनी बेटी के उज्जवल भविष्य के लिए पिता का पत्र कोच को लिखा जाना मार्मिक घटना है, पिता धर्म निभाना है, किंतु उसे कोच के सहारे छोड़ कर घर से भाग जाना कहां की बहादुरी है। क्या यही पिता का धर्म होता है कि अपनी संतान को दूसरों के हवाले कर घर हमेशा के लिए छोड़कर चले जाना। लेकिन हिम्मत की दाद देनी होगी इस बेटी को जिसने हिम्मत न हारते हुए अपने लक्ष्य को पाया, क्योंकि ओलंपिक में हर खिलाड़ी का एक ही लक्ष्य होता है पदक जीतना, और यह पदक यदि सोना हो तो कहना ही क्या। कोच ने भी अपनी भूमिका अदा की, कि उसे इस काबिल बना दिया कि आज विश्व को उस पर नाज है। कर्तव्य विहीन पिता की उसे याद सालती रहेगी।
Subscribe to:
Posts (Atom)
