Saturday, November 29, 2008

खून का तिलक लगाकर किया था राजनीति में प्रवेश


राजा नहीं फकीर के नारों से कभी नवाजे गये राजा मांडा शुरू से ही काफी भावुक थे। इनके राजनीतिक जीवन का आगाज भी इसी अंदाज में हुआ। 1962 में इलाहाबाद में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लालबहादुर शात्री की सभा चल रही थी। उनके भाषण से वीपी इतने अभिभूत हो गये कि अपना अंगूठा चीरकर खून से शास्त्री को तिलक कर दिया। इनकी इस भावना से शास्त्री जी इतने भावुक हो गये कि उन्होंने इस नौजवान को दिल्ली आमंत्रित कर लिया। 1962 में लालबहादुर शास्त्री ने इनकी मुलाकात श्रीमती इंदिरा गांधी से करायी। इसके बाद वे राजनीति के मैदान में उतर आये। 1969 में जब विधान सभा चुनाव हुए तो श्रीमती गांधी ने इनको सोरांव विधान सभा क्षेत्र से मैदान में उतार दिया। यह चुनाव राजा मांडा काफी अच्छे मतों से जीते। इसके बाद तो उनका राजनीतिक कारवां काफी तेजी से आगे बढ़ने लगा। 1971 में वे फूलपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद बने। संसद में पहुंचने के बाद मैडम ने इनको केन्द्र में वाणिज्य उपमंत्री बना दिया। 1977 के चुनाव में उन्होंने इलाहाबाद संसदीय सीट से किस्मत आजमायी लेकिन जनेश्वर मिश्र से हार गये। लेकिन 1980 के लोकसभा चुनाव में फिर वे इलाहाबाद संसदीय सीट से चुन लिये गये। इसी दौरान पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी इन पर कुछ ज्यादा ही मेहरबान हो गयीं। इनको उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बना दिया गया। इसके बाद इन्होंने लोकसभा से इस्तीफा देकर फतेहपुर जिले की तिंदवारी विधानसभा से उपचुनाव लड़ा और विजयी हुए। लेकिन दो साल बाद ही इनको केन्द्र में बुला लिया गया और केन्द्रीय वाणिज्य, वित्त व रक्षा मंत्री का दायित्व सौंप गया। इसके बाद वे कांग्रेस से अलग हो गये और बोफोर्स घोटाले का पर्दाफाश करने का दावा करते हुए जनमोर्चा का गठन कर लिया। 1988 में हुए उपचुनाव में जनमोर्चा प्रत्याशी के तौर पर वे इलाहाबाद संसदीय सीट से मैदान में उतरे और विजयी हुए। 1990 में हुए चुनाव में जनता दल प्रत्याशी के रूप में इलाहाबाद लोकसभा क्षेत्र से मैदान में उतरे और भारी मतों से विजयी हुए। इसके बाद प्रधानमंत्री की कुर्सी पर काबिज हुए। प्रधानमंत्री पद से हटने के बाद वे लगातार इलाहाबाद आते रहे।पांचवा बेटा मानती थीं ललिता शास्त्रीपूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री की पत्नी ललिता शास्त्री वीपी सिंह को अपने पांचवे बेटे के रूप में मानती थीं। वीपी सिंह ने खुद उनके घर जाकर यह आग्रह किया था जिसे उन्होंने आजीवन निभाया। बाद में उन्होंने मांडा में अपने घर के समीप ही लाल बहादुर शास्त्री सेवा निकेतन की स्थापना की। इनके नाम पर बामपुर में एक इंटर कालेज की भी स्थापना की।
छात्र राजनीति में सिंहल को हराया थापूर्व प्रधानमंत्री वीपी सिंह ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ के चुनाव में सिंहल को हराकर उपाध्यक्ष पद पर विजय हासिल की थी। यह सन 51-52 की बात है। उस समय कन्हैया लाल माणिक लाल मुंशी इविवि के कुलपति थे। उनके छात्रसंघ में अध्यक्ष पद पर बलिया के काशी नाथ मिश्र विजयी हुए थे।

60 घंटे बाद दहली मुंबई आतंकियों के बंधन से मुक्त


ताज होटल में तीन आतंकवादियों की मौत के साथ ही देश की आर्थिक राजधानी मुंबई को बंधक बनाने वाले आतंकवादियों का खात्मा हो गया और पिछले 60 घंटे से चल रहे दुस्वप्न का अंत हो गया, जिसमें डेढ़ सौ से अधिक लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी। सुरक्षाबलों ने देश के प्रति जान की बाजी लगाकर आतंकियों के नापाक इरादों को कामयाब नहीं होने दिया। मुझे गर्व है इन जाबांज जवानों पर। पाक स्थित कराची से इन आतंकियों के संपर्क बने हुए थे। इससे पता चलता है पाक आतंकियों को भारत के खिलाफ उकसा रहा है। मैं तो कहना चाहूंगा कि भारत सरकार को पाक से हमेशा-हमेशा के लिए संबंध विच्छेद कर लेना चाहिए। जिस समय इसलामाबाद में भारत और पाक के विदेश सचिव-स्तरीय वार्ता चल रही थी उसी समय आतंकवादी मुंबई में प्रवेश कर रहे थे। याद आता है जब अटल बिहारी वाजपेयी पाकिस्तान गए थे शांति का संदेश लेकर तब उसी समय वे लोग कारगिल पर चढ़ाई कर रहे थे। कितने गंदे हैं ये लोग, शर्म आती है। अब भारत को पाक विरुद्ध नीति बनाकर सख्ती से पेश आना चाहिए। भारत ने सहनशीलता की परीक्षा कई बार दी है, लेकिन अब भए बिन होए न प्रीति का सूत्र अपनाना ही पड़ेगा। भारत कोई पाक जैसा छोटा देश नहीं है। भारत की सैन्य क्षमता पाक से कहीं ज्यादा है। हम उससे हर मामले में भारी हैं। मैं तो कहूंगा कि राजनयिक संबंध तत्काल प्रभाव से खत्म कर लेना चाहिए। अब बहुत हो चुका है। होटल ताज में 60 घंटे तक चली मुठभेड़ की काली छाया और अपनों को खोने का दर्द लंबे समय तक रहेगा। इस होटल के 529 कमरों में से आतंकवादियों ने कई कमरों को आग के हवाले कर दिया। आतंकवादियों द्वारा कब्जे में लिये इस होटल में राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड के जांबाज जवानों और दहशतगर्दो के बीच आज सुबह करीब 8.30 बजे अंतिम लड़ाई खत्म हुई। अतिविशिष्ट लोगों की सुरक्षा और आतंकवाद से मोर्चा लेने के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड को इतना गहन प्रशिक्षण दिया जाता है कि वे पलक झपकते ही दुश्मन का सफाया कर देते हैं। एनएसजी ने पंजाब, जम्मू कश्मीर सहित देश के विभिन्न हिस्सों में आतंकवाद से लोहा लिया है और बंधकों को सफलतापूर्वक मुक्त कराया है। चुस्ती, फुर्ती, अचूक निशाना और देश पर न्यौछावर होने का उनका जज्बा उनकी बुलेटप्रूफ जैकेट से भी दृढ़ होता है जिसे एके 47 तक की गोलियां नहीं छेद पातीं। मुंबई में आतंकी हमले की काली छाया भारत पाकिस्तान संबंधों पर गहरा गयी, जबभारत ने दो टूक शब्दों में कहा कि इस तरह के आतंकवादी हमलों से द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ा पाना असंभव हो जायेगा। एनएसजी के कमांडो 529 कमरों वाले ताज होटल के चप्पे-चप्पे की तलाशी ले रहे हैं और पूरी तरह से तसल्ली होने से पहले एनएसजी इस अभियान को समाप्त घोषित करने के हक में नहीं है। तलाशी इसलिए ली जा रही है ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि वहां कोई आतंकवादी या विस्फोटक बाकी नहीं बचा है। इस आतंकवादी हमले में मरने वालों की तादाद 192 का आंकड़ा पार कर चुकी है, जिनमें पुलिस और एनएसजी के 14 जांबाज भी शामिल हैं। अभियान में 14 आतंकवादी मारे गए और एक को जिंदा पकड़ लिया गया। उनके कब्जे से एक एके 47 असाल्ट राइफल भी मिली। अभियान के दौरान भारी गोलाबारी हुई। ग्रेनेड दागे गए और आतंकवादियों ने विस्फोटक का इस्तेमाल किया।

Saturday, November 22, 2008

मायावती की पोल खुली

वैसे तो उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती मंच से अनुसूचित जाति के खिलाफ अत्याचार न होने का संकल्प दोहराती रहती हैं, पर वास्तविकता यह है कि सब दिखावटी है क्योंकि उन्होंने इसी जाति के कई लोगों को कानूनन नौकरी देने में देरी कर रही हैं। अनुसूचित जाति की भलाई के लिए वह कदम उठाने से वह कोसों दूर हैं। इसका पर्दाफास राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग ने एक आदेश में किया। उत्तर प्रदेश में अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के 165 उम्मीदवारों की नियुक्ति में देरी को गंभीरता से लेते हुए राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग ने प्रदेश के मुख्य सचिव और प्रमुख सचिव (गृह) को तलब कर उनसे स्पष्टीकरण चाहा है। मुख्य सचिव अतुल कुमार गुप्ता और प्रमुख सचिव (गृह) कुंवर फतेह बहादुर से आयोग के समक्ष 12 दिसंबर को मौजूद रहने को कहा गया है। आयोग के सदस्य सत्य बहिन ने कहा कि अनुसूचित जाति से जुड़े मामलों में अयोग को कार्रवाई का अधिकार देने वाले संविधान के अनुच्छेद 338 के तहत दो अधिकारियों को समन जारी करने के आदेश दिये गये हैं। राज्य के प्रमुख सचिव (गृह) के 20 नवंबर को आयोग के समक्ष सुनवाई के लिये उपस्थित नहीं होने पर अधिकारियों को तलब करने का फैसला किया गया। उन्होंने कहा कि आयोग ने इस मुद्दे पर उनकी टिप्पणियां चाही थीं लेकिन राज्य सरकार की ओर से जवाब नहीं दिया गया। उत्तर प्रदेश में मायावती के नेतृत्व वाली बसपा-भाजपा सरकार के शासन के दौरान अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के 165 उम्मीदवारों को कांस्टेबल के पद पर चुना गया था। इसके लिये चयन प्रक्रिया 18 अगस्त 2003 को पूरी हो चुकी थी। फिरी वहां सरकार बदली और मुलायम सिंह यादव के नेतृत्व वाली समाजवादी पार्टी की सरकार ने अपने चार वर्ष के शासन के दौरान चयनित उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र नहीं दिये।

Saturday, November 8, 2008

ओबामा का संघर्ष काम आया


संघर्षशील व्यक्ति अपना रास्ता स्वयं ही खोज लेता है। वैसे तो महत्वाकांक्षी हर प्राणी होता है लेकिन सफलता सिर्फ उन्हीं को मिलती है जो संकट काल में भी धैर्य बनाकर लक्ष्य की ओर अग्रसर रहते हैं। क्योंकि उस पथ की पथिक पथिकता क्या, जिस पर बिखरे शूल न हों। उस नाविक की धैर्य कुशलता क्या जिसकी मझधार प्रतिकूल न हो। यह कर दिखाया अमेरिका में हुए राष्ट्रपति चुनाव में डेमोक्रेट उम्मीदवार 47 वर्षीय ओबामा अश्वेत नागरिक अधिकार नेता मार्टिन लूथर किंग द्वारा अमेरिकियों को समानता के उनके सपने को स्वीकार करने की चुनौती दिये जाने के ठीक 45 साल बाद व्हाइट हाउस की दौड़ में विजेता बने हैं। राष्ट्रपति ओबामा उनकी पत्नी मिशेल और उनकी सुंदल लड़कियों को व्हाइट हाउस के दरवाजों से दाखिल होते देखना जबर्दस्त होगा। मैं जानता हूं कि लाखों अमेरिकी इस प्रेरणादायी क्षण पर गर्व से भर जायेंगे जिसके लिए कई ने इतने लंबे समय तक इंतजार किया। अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति बराक ओबामा निश्चित ही मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए एक राहत योजना बनाएंगे। अमेरिका इस समय सबसे गंभीर आर्थिक मंदी का सामना कर रहा है। हमें इससे निजात पाने के लिए तेजी से काम करना होगा। ओबामा ने एक पीढ़ी के सपने को पूरा किया जिसने नस्लीय बराबरी के लिए नागरिक अधिकार आंदोलन को देखा। यह क्षण विशेष तौर पर अमेरिकियों की एक पीढ़ी के लिए बड़ा है जिन्होंने अपनी आखों से नागरिक अधिकार आंदोलन को देखा और चार दशक बाद एक सपने को पूरा होने देख रहे हैं। वैसे देखा जाए अन्याय पर न्याय की और असत्य पर सत्य की ही जीत हुई है। भारत और दक्षिण अफ्रीका में भी श्वेत और अश्वेत की लड़ाईयां लड़नी पड़ी, अपने अधिकार के लिए। निश्चत है कि जब किसी जाति विशेष पर जुल्म होने लगते हैं तो एक न एक दिन यही जाति राज्य पर शासन भी करती है। इसलिए मेरा तो यही कहना है कि सभी को समानता का अधिकार मिलना चाहिए। रंग भेद की नीति को हमेशा-हमेशा के लिए दभन कर देना चाहिए।

Monday, October 27, 2008

प्रकाश पर्व के महत्व को बनाए रखें

दीपावली का पर्व प्रकाश का प्रतीक है। यह पर्व हमें अच्छाई के रास्ते पर चलने के साथ ही राष्ट्रीय एकता बनाये रखने का संदेश देता हैं। प्रकाश का यह पर्व लोगों में भाईचारे की भावना को बढ़ाने वाला है और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। यह पर्व हमारी मिश्रित सभ्यता को सही मायने में प्रदर्शित करता है तथा शीत ऋतु और फसल बुआई की शुरूआत होने का भी संदेश देता है। अज्ञान एवं अशिक्षा के अन्धकार को दूर कर ज्ञान एवं शिक्षा का प्रकाश जन-जन के जीवन में संचित हो इसके लिये हम सबको मिल-जुल कर सेवा भाव से कार्य करने होंगे। मिल-जुल कर भाईचारे एवं मैत्री भाव से इस पर्व को मनाने से साम्प्रदायिक सदभाव सुदृढ़ होता है। सच बात तो यह है कि लंका नरेश रावण का बध करने के बाद जब भगवान राम अयोध्या वापस लौटे थे तब जीत का इजहार करने के लिए नगर में घर-घर दीप जलाए गए थे। राक्षस राज्य के अंत की खुशी में लोगों ने घी के दिए जलाकर राम, सीता और लक्ष्मण का जोरदार स्वागत किया। मुझे भी अपने अंदर की राक्षसी प्रवृत्ति का खात्मा करना होगा, तभी इस त्यौहार का मनाने का औचित्य है।

Tuesday, October 21, 2008

राज ठाकरे किस खेत की मूली हैं

भारत देश का ढाचा संघीय होने के कारण इसमें रहने वाले हर व्यक्ति को अधिकार है कि वह रोजगार के लिए किसी भी प्रांत में आ जा सकता है। इसे रोका नहीं जा सकता है। यदि कोई रोकने की कोशिश करता है तो इसके लिए भारतीय दंड संहिता में रोकने बालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाही करने के लिए स्पष्ट प्रावधान हैं। भारत संघ में कानून से बढ़कर कोई भी नहीं है। संघीय ढाचे को बनाए रखने के लिए अदालत है, जिसके एक मात्र आदेश पर राज्य को कानून का उल्लंघन करने वाले के प्रति कानूनी कार्यवाही करने का अधिकार है। फिर राज ठाकरे किस खेत की मूली हैं, इनसे पूछा जाए कि तुम्हें किसने यह अधिकार दिया है कि मुंबई में उत्तरी भारत के लोग रोजगार के लिए नहीं आ सकते हैं। भारतीय कानून संरक्षण भी देती है और दंड भी देती है। कोई इसके परे नहीं है। इससे और ज्यादा शर्मनाक घटना क्या हो सकती है कि जब रेलवे की परीक्षा देने गए अभ्यर्थियों को परीक्षा से रोका गया और मार-पीट भी की गई। महाराष्ट्र सरकार और उसकी पुलिस हाथ पर हाथ रखे रही। और जब झारखंड की एक कोर्ट ने हस्तक्षेप कर गैर-जमानतीय वारंट जारी किया तब मुंबई पोलिस की आंखें खुली। यह वारंट बहुत पहले जारी हुआ था लेकिन कल ही पोलिस ने स्वीकार किया कि मुझे कोर्ट का वारंट मिल गया है और उस पर तामील जल्द होगा सो उसे आज तामील किया गया। राज ठाकरे धरे गए। पुलिस को इसके खिलाफ पुख्ता सबूत पेश करने चाहिए जिससे अदालत से इन्हें रियायत न मिल सके। कभी राज ठाकरे कहते हैं कि मुंबई मेरे बाप की है। यह कितना बड़ा असंसदीय शब्द है, लेकिन न सरकार ने और न ही पुलिस ने इन पर कोई कार्यवाही की। मैं तो कहता हूं कि ऐसे लोगों के खिलाफ गुंडा ऐक्ट ही नहीं लगना चाहिए बल्कि राज को मुंबई छोड़ने का प्रशासनिक आदेश जारी होना चाहिए। आखिर मेरी समझ में नहीं आता कि उन पर कार्यवाही इतनी देरी से क्यों हो रही है। कहीं ऐसा तो नहीं है कि कुछ राजनैतिक दल उन्हें हीरो बनाने के चक्कर में हों और बाल ठाकरे से अलग हुए धड़े का राजनैतिक दोहन किया जा सके। कुछ भी हो देश उन पर सख्त से सख्त कार्यवाही चाहता है जिससे यही नहीं बल्कि और भी लोग सबक ले सकें। गौरतलब है कि महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के प्रमुख राज ठाकरे को रेलवे की परीक्षा में बैठने के लिए मुंबई आये उत्तर भारतीय परीक्षार्थियों पर उनके समर्थकों द्वारा किए गये हमले के आरोप में आज रत्नागिरी में गिरफ्तार किया गया और बांद्रा की अदालत ने उन्हें चार नवंबर तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

Friday, October 17, 2008

सचिन के धमाके में हुए करोड़ों घायल

टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में आज एक और पन्ना जुड़ गया। और वह पन्ना सचिन तेंदुलकर के रूप में जुड़ा जिसने ब्रायन लारा के 11,953 रन के रिकार्ड को पीछे छोड़ दिया। मेरे विचार से सचिन द्वारा बना रिकार्ड अब जल्दी टूटने वाला भी नहीं है। सचिन की बल्लेबाजी से अनगिनत भारतीयों को रोमांचित भी किया। भारत एक बार फिर क्रिकेट जगत में विव्श्र रिकार्ड तोड़कर उभरा। टेस्ट क्रिकेट में रनों के शिखर पर काबिज होने के बाद सचिन तेंदुलकर ने 12 हजार टेस्ट रन बनाने वाला पहला बल्लेबाज बनकर एक और उपलब्धि हासिल की। यह उपलब्धि तेंदुलकर ने आस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टेस्ट क्रिकेट मैच में 15वां रन लेते ही लारा का रिकार्ड तोड़ा और फिर 61वां रन पूरा करके 12 हजार रन का जादुई आंकड़ा छुआ। सचिन की यह उपलब्धि इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि उन्होंने एकदिवसीय क्रिकेट में 16 हजार से अधिक रन बनाये हैं। इस स्टार बल्लेबाज ने अपना 50वां अर्धशतक भी पूरा किया। उनसे पहले केवल एलन बोर्डर (63), राहुल द्रविड़ (53) और स्टीव (50) ही अर्धशतकों का अर्धशतक पूरा कर पाये हैं। यदि वह इस अर्धशतक को शतक में तब्दील करते हैं तो फिर भारतीय सरजमीं पर सर्वाधिक शतक बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे। अभी यह रिकार्ड संयुक्त रूप से सुनील गावस्कर और उनके नाम पर है। आस्ट्रेलिया के खिलाफ मोहाली में दूसरे क्रिकेट टेस्ट से पहले तेंदुलकर को यह उपलब्धि हासिल करने के लिए 15 रन की दरकार थी और उन्होंने आज तेज गेंदबाज पीटर सिडल की गेंद पर तीन रन बनाकर ब्रायन लारा के 11,953 रन के रिकार्ड को पीछे छोड़ दिया। यह देखकर अच्छा लगता है कि एक भारतीय दुनिया में सर्वाधिक रन बनाने वाला बल्लेबाज है। अतीत में यह उपलब्धि सुनील गावस्कर के नाम थी और आज तेंदुलकर ने एक बार फिर हमारे लिए ऐसा किया। भारतीयों के लिए यह गर्व का मौका है। पूर्व भारतीय कप्तान सौरभ गांगुली ने आस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे क्रिकेट टेस्ट मैच के पहले दिन अपने करिअर के 7000 रन पूरे कर लिए। गांगुली ने जैसे ही अपना 39वां रन बनाया उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में सात हजार रनों का आंकडा पार कर लिया। इसी के साथ गांगुली ने टेस्ट क्रिकेट में सात हजार रन पूरे करने वाले दुनिया के 33 वें खिलाड़ी बनने का श्रेय हासिल कर लिया। इसके अलावा गांगुली ने सात हजार या उससे ज्यादा रन बनाने वाले भारत के चौथे बल्लेबाज बनने का गौरव हासिल कर लिया है। गांगुली ने अपने 111 वें टेस्ट मैच में यह प्रतिष्ठा हासिल की है। गांगुली से आगे भारत के तीन और बल्लेबाज शामिल हैं। मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर 152 टेस्ट मैचों में 12000 से ज्यादा रन बनाकर इसमें शीर्ष पर हैं। पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ 121 टेस्ट मैचों में 10,341 रन बनाकर दूसरे नंबर पर, लिटिल मास्टर सुनील गावस्कर 125 टेस्ट मैचों में 10,122 रन बनाकर तीसरे नंबर पर हैं। इस सीरीज के बाद संन्यास लेने की घोषणा करने वाले गांगुली नेअब 111 टेस्ट मैचों में 42.21 के औसत से सात हजार से ज्यादा रन बना चुके हैं। उनके टेस्ट मैचों में 15 शतक और 35 अर्धशतक शामिल हैं। इसी तरह गांगुली के 311 एकदिवसीय मैचों में 41.02 के औसत से 11,363 रन हैं। गांगुली ने वनडे मैचों में 22 शतक और 72 अर्धशतक लगाए हैं1 वह एकदिवसीय मैचों में 11 हजार से ज्यादा रन बनाने वाले दुनिया के चौथे बल्लेबाज हैं। उनसे ऊपर हमवतन सचिन (16,361),श्रीलंका के आक्रामक बल्लेबाज सनत जयसूर्या (12,785) और पाकिस्तान के पूर्व कप्तान इंजमाम उल हक (11739) हैं।