Saturday, August 9, 2008
राखी के बंधन को निभाना
भईया मेरे राखी के बंधन को निभाना। एक बहिन की आवाज भाई के लिए, इस पवित्र रिश्ते को कायम रखने के लिए याद ही नहीं दिलाती है बल्कि मौका आने पर सुरक्षा देना। यह त्यौहार सिर्फ भाई-बहिन के लिए नहीं है,बल्कि कोई भी महिला किसी पुरुष से सहायता के लिए राखी भेज सकती है। राजपूताना जब खतरे में पड़ा तब मेवाड़ की रानी कलावती ने हुमायूं को धागा भेज कर राज्य की सुरक्षा की मांग की थी, उसने न सिर्फ धागा को स्वीकार किया, बल्कि सेना भी भेजी, किंतु तब तक देर हो चुकी थी और राज्य गुजरात के बहादुर शाह द्वारा लुट चुका था। महिलाएं धागा के माध्यम अपनी सुरक्षा की मांगा करती थीं। बस यहीं से रक्षाबंधन शुरू हो गया। आज महिलाएं रक्षा के साथ-साथ पैसे की भी मांग करती हैं। धागा की जगह आधुनिक राखी ने ले ली है। कहने का तात्पर्य है कि क्या महिला असुरक्षित हैं, जो वह राखी के बदले अपनी सुरक्षा की मांग करती हैं। नारी सशक्कतीकरण के बावजूद भी नारी सुरक्षित नहीं है। समाज में कई प्रकार के दरिंदगे मौजूद हैं, जो उन्हें अकेला पाकर सब वो काम कर डालते हैं, जिससे वह घर, समाज में रहने लायक नहीं रहती है। अंतत: वह आत्महत्या कर लेती है,क्योंकि नारी इज्जत के साथ जीना चाहती है। जब उसकी इज्जत चली जाती है तब वह जीकर क्या करेगी। देखा जाए महिला कभी भी सुरक्षित नहीं रही है। छोटी उम्र तक वह भाई के अधीन रही, शादी के बाद वह पति के अधीन और मां बनने पर वह अपने पुत्र या पुत्रों के अधीन रहती है। जब तक यह सुरक्षा का क्रम चलता रहा तब तक महिलाओं पर अत्याचार की घटनाएं बहुत कम हुआ करती थीं, लेकिन आज नारी आजाद है, अकेले घूम फिर रही हैं, उसी का लाभ ले रहे हैं समाज में मौजूद असमाजिक तत्व। नारी को सशक्कत होना होगा, उसे असमाजिक तत्वों से लड़ने की कला सीखनी होगी। छायावादी कवि सुमित्रानंदन पंत ने कहा कि एक नहीं दो-दो मात्राएं नर से भारी नारी।
Friday, August 8, 2008
एक पदक की दरकार
बीजिंग ओलंपिक में भारत इस बार भी उम्मीदों के सहारे ओलंपिक महा संग्राम में उतर रहा है। मुक्केबाजों, एथलीटों, पहलवानों, तीरंदाजों और तैराकों पर खास नजरें टिकी हुयी हैं। हमारी तैयारी ओलंपिक को लक्ष्य मानकर नहीं की जाती है। हाकी हमारे लिए ओलंपिक में अब गए इतिहास की बात हो चुकी है। इतने बड़े देश से महज एक पदक की उम्मीद, फिर भी भारतीय खिलाडि़यों को सलाम व शुभकामनाएं। एक अरब की आबादी वाले देश में खिलाडि़यों से सिर्फ एक कांस्य पदक की उम्मीद लगाना, बड़ा अटपटा लगता है। जबकि सत्तर के दशक में मेरे देश की हाकी एक शान हुआ करती थी, ओलंपिक में तो एक स्वर्ण पदक पहले से ही मान लिया जाता था। और होता भी था। आज हाकी सिर्फ नाम की रह गयी है। जबकि भारतीय हाकी का विश्व में डंका पिटा करता था। ध्यानचंद्र, केडी बाबू सिंह जैसे खिलाडि़यों ने हाकी को जो ताकत दी थी आज उनकी गैर-मौजूदगी में हाकी की छड़ी कमजोर पड़ चुकी है। पेनाल्टी को गोल में तब्दील करने में भारत आज ढ़ीला पड़ चुका है। दरअसल, खेल में राजनीति आड़े आ रही है। खिलाडि़यों का चुनाव राजनीति के चश्में से होता है, न कि उनके प्रदर्शन के आधार पर। ग्रामीण क्षेत्र में खिलाडि़यों की भर मार है, लेकिन उनकी तरफ सरकार का ध्यान नहीं जाता है। यदि हमें खेल क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान को फिर से बनाना है, तो सबसे पहले खिलाडि़यों के चुनाव में निष्पक्ष भावना अपनानी होगी, खेल स्तर को सुधारना होगा।
Thursday, August 7, 2008
ईश्वर के यहां न्याय है अन्याय नहीं
कहा जाता है कि ईश्वर के यहां न्याय है अन्याय नहीं। तानाशाही शासन के शासकों का अंत बुरा ही होता है। खासकर पाकिस्तान में तो ऐसे कई उदाहरण हैं जिनका अंत बहुत बुरा हुआ है। तानाशाह बनकर प्रजा पर शासन तो किया जा सकता है पर उनकी बददुआएं ही उस शासक के पतन का कारण बन कर उभरती हैं। प्रजा की आवाज को बंद कर देने वाले मुशर्रफ आज अपनी गद्दी बचाने में जुटे हुए हैं, लेकिन उम्मीद कम ही लगती है कि वह इसमें सफल हो पाएंगे। पाकिस्तान में सत्तारुढ़ गठबंधन के दोनों प्रमुख दलों पीपीपी और पीएमएल-एन ने कहा कि वे राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ पर महाभियोग चलाने के लिए और मुशर्रफ द्वारा पिछले साल बर्खास्त किये गये न्यायाधीशों को बहाल करने के संबंध में सहमति पर पहुंच गये हैं। मुशर्रफ पर महाभियोग के बाद 24 घंटों के भीतर बर्खास्त न्यायाधीशों को बहाल किया जायेगा। पाकिस्तान के सत्तारुढ़ गठबंधन ने राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ पर महाभियोग लगाने की तैयारी कर ली है। सरकार ने मुशर्रफ के खिलाफ 11 अगस्त को महाभियोग लगाने का फैसला किया है। संसद में 11 अगस्त को इस संबंध में प्रस्ताव लाया जाएगा। नवाज शरीफ की पार्टी पीएमएल-एन ने कहा है कि तीन दिनों की बातचीत के बाद आसिफ अली जरदारी की पीपीपी के साथ सभी प्रमुख मुद्दों पर सहमति हो गयी है।
Monday, August 4, 2008
सीडी का लुका छिपी खेल
संसद की गरिमा को शर्मसार करने वाले सांसद रिश्वत कांड में संप्रग की भूमिका के आरोपों के जवाब में संप्रग के सहयोगी दल समाजवादी पार्टी, राजद और लोक जनशक्ति पार्टी ने एक सीडी जारी कर भाजपा के आरोपों को बेबुनियाद बताकर आरोप लगाया है कि सांसद रिश्वत कांड संप्रग के खिलाफ एक साजिश थी, जो खुद भाजपा ने रची थी। इन दलों ने एक स्वर में कहा कि इस संदर्भ में भाजपा जिस सीडी व सबूतों का हवाला दे रही है, वो सब झूठे हैं। इस सीडी में भाजपा सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते की आवाज की रिकॉडिंग भी है, जिसमें भाजपा सांसद समाजवादी पार्टी के सांसदों को खरीदना के लिए सौदेबाजी कर रहे हैं। इसके अलावा इसमें सपा महासचिव अमर सिंह के करीबी माने जाने वाले संजीव सक्सेना को यह कहते हुए दिखाया गया है कि वो अरुण जेटली के कहने पर यह सब कर रहे हैं। पिछले दिनों उमा भारती ने सांसद घूसकांड से जुडी़ एक सीडी जारी की थी, जिसमें संजीव सक्सेना को एक बैग लेकर अरुण जेटली के घर से बाहर निकलते हुए दिखाया गया था। सीडी में यह भी दिखाया गया था कि संजीप सक्सेना वही बैग लेकर भाजपा सांसद अशोक अर्गल के निवास पर पहुंचे थे। संसद में विश्वास मत के दौरान भाजपा सांसदों अशोक अर्गल, महावीर भगोरा और फग्गन सिंह कुलस्ते ने सदन में नोटों की गड्डियां दिखाते हुए आरोप लगाया था कि केंद्र सरकार द्वारा पेश विश्वास प्रस्ताव के पक्ष में मतदान करने के लिए सपा की ओर से उन्हें नौ करोड़ रुपए रिश्वत की पेशकश की। भाजपा सांसदों ने आरोप लगाया था कि वोट के लिए नोट समझौते के तहत फिलहाल तीनों को एक करोड़ रुपए भी दिए गए, जिसे वो सदन के पटल पर रख रहे हैं और बाकी की रकम बाद में देने की बात कही गई है। देश के संसदीय लोकतंत्र के इतिहास में यह ऐसी पहली घटना है। भाजपा ने इस कांड में सपा महासचिव अमर सिंह, सोनिया गांधी के राजनीतिक सलाहकार अहमद पटेल और सपा नेता रेवती रमण सिंह के शामिल होने का आरोप लगाया था। सांसद रिश्वत कांड मामले में भाजपा और संप्रग की ओर से आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला जारी है। इस संदर्भ में दोनों ही खुद को पाक-साफ बता रहे हैं। भाजपा के एक नेता ने दावा किया था कि उनके पास संप्रग को दोषी साबित करने के लिए पर्याप्त सबूह हैं। भाजपा नेता ने संजीव सक्सेना और अमर सिंह की बातचीत के एक टेप का भी हवाला दिया था और कहा था कि उस रिकॉडिंग में सारा सच छुपा है।
Sunday, August 3, 2008
फ्रेंडशिप डे सिर्फ दिखावा
आज लोग फ्रेंडशिप डे मना रहें हैं। लोग गुलाब का फूल देकर, एसएमएस भेजकर या फिर मोबाइल पर हेपी फ्रेंडशिप डे कहकर इस डे की इतिश्री कर लेते हैं। क्या यही है फ्रेंडशिप डे। मित्रता तो राम और सुग्रीव ने भी की थी। कहा जाता है कि मित्रता की है तो निभानी ही पड़ेगी। ऐसे कितने लोग हैं जो मित्रता को निभाते हैं। मित्र के साथ छल कपट करके अपना स्वार्थ सिद्ध करते हैं। आपके पास पैसा है तो ढ़ेर सारे मित्र बन जाऐंगे और जब कमी हुई तो यही मित्र आपके पास आएंगे भी नहीं, क्या इसी को मित्रता कहते हैं। मित्र तो वह होता है जो सुख-दुख सहित हर परिस्थिति में साथ दे। मित्रता में निस्वार्थ की भावना छिपी रहती है, उसके अंदर आपके प्रति गलत भावना नहीं रहती है। अच्छे मार्ग पर चलने के लिए हमेशा प्रेरणा देते हैं, गलत रास्ते पर जाने से रोकना ही एक मित्र का दायित्व होता है। इस दायित्व को आज कितने लोग निभा रहे हैं। मित्रता कभी टूटती नही हैं, वह आजीवन भर चलती है। जो टूट गया वह मित्र नहीं है। मित्रता में भावना ही सर्वोपरि होता है। यही मित्रता समाज को अच्छे मार्ग की तरफ ले जाता है। आज समाज में विकृतियां इसलिए आ गयीं हैं क्योंकि अच्छे मित्रों का पूरी तरह अभाव नजर आ रहा है। लोग एक दूसरे की टांग खींचने में लगे हुए हैं। एक दूसरे को नीचा दिखाने पर लगे हैं, फिर भी हम फ्रेंडशिप डे मनाते हैं। यह सिर्फ दिखावा
Saturday, August 2, 2008
आतंक के साए में सार्क सम्मेलन
दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संघ (दक्षेस) के दो दिवसीय सम्मेलन की शुरूआत ही विवाद से हुई है। कोलंबों में सम्मेलन के लिए बनाए गए प्रवेश द्वार के ठीक बीच में लगा भारत का झंडा उल्टा छपा। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की तस्वीर के ठीक ऊपर छपे देश के राष्ट्रीय ध्वज में हरा रंग ऊपर है जबकि केसरिया रंग नीचे है। सम्मेलन के आयोजकों की ओर से की गयी यह एक बड़ी भूल है, इस पर उन्हें क्षमा अवश्य मांगनी चाहिए। कुछ इसी तरह की एक घटना और घटी थी जब मुशर्रफ भारत के दौरे पर आए थे और उनके जहाज पर भारत का झंडा उल्टा लगा था। यह ऐसी भूल हैं जिससे पता चलता है कि झंडा लगाते वक्त यह नहीं देखा जाता है कि झंडा सही लगा भी है कि नहीं। यह एक लापरवाही ही है।सार्क सम्मेलन में प्रधान मंत्री मनमोहन सिंह ने पाकिस्तान से स्पष्ट रूप से कहा है कि वह अपनी जमीन से आतंकवाद को जड़ से समाप्त करें। सभी जानते हैं कि पाकिस्तान आतंकवादियों को पनाह ही नहीं देता है बल्कि प्रशिक्षण भी देता है। इसलिए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने आतंकवाद को सबसे बड़ा खतरा बताया है। मौजूदा दौर में आतंकवाद ने दुनिया भर में अपनी पैठ बना ली है। आतंकवाद से लड़ने के लिए सभी देशों को एकजुट होना पड़ेगा। दक्षेस देशों में बने खुला व्यापार क्षेत्र, आतंकवाद के खात्मे के लिए संयुक्त कार्रवाई बल का गठन, आपराधिक मामलों पर आपसी कानूनी सहयोग सम्बन्धी समझौता होना चाहिए। सार्क सम्मेलन में प्रधानमंत्री ने काबुल में पिछले महीने भारतीय दूतावास पर हुए हमले और भारत में बंगलौर और अहमदाबाद में हुए सीरियल धमाकों का मुद्दा उठाया उठाकर सराहनीय कार्य किया है।
एक और बाधा पार
भारत-अमेरिका परमाणु समझौते ने एक और बड़ी बाधा पार कर ली। अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) के संचालक मण्डल ने भारत केन्द्रित परमाणु सुरक्षा मानकों के समझौते के मसौदे को आम सहमति से मंजूरी दे दी। बैठक के दौरान आईएईए के प्रमुख अलबरदेई ने साफ कहा कि भारत केन्द्रित परमाणु निगरानी उपाय अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप हैं। भारत को भरोसा है कि अमेरिका से करार में कोई दिक्कत नहीं आएगी। भारत ने कहा कि आयरलैण्ड, पाकिस्तान और फिनलैण्ड जैसे कुछ देश अपने किन्तु-परन्तु लगा सकते हैं लेकिन ये करार की राह में बाधा नहीं बन पाएंगे। अब सारा दारोमदार अमेरिकी कांग्रेस पर है। हमें उसका इन्तजार करना है। अब करार की अगली परीक्षा परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह (एनएसजी) देशों के सामने होगी। एनएसजी के 45 सदस्यीय संचालक मण्डल की 21-22 अगस्त को बैठक होगी। इसमें ये देश भारत पर तीन दशक से लगे प्रतिबंध हटाने पर अपनी मुहर लगाएंगे। ऑस्ट्रेलिया और चीन की सहमति के बाद अब यहां किसी रुकावट की आशंका नजर नहीं आती। एनएसजी के बाद करार अमेरिकी कांग्रेस में जाएगा जिसकी अंतिम बैठक 22 सितम्बर को सम्भावित है। अमेरिका की तैयारी है कि भारत से करार 22 सितम्बर से पहले पारित हो जाए। समझौते के अनुसार भारत वर्ष 2014 तक अपने 14 असैन्य परमाणु संयंत्र आईएईए की निगरानी में ले आएगा। सैन्य संयंत्र इसके दायरे से बाहर रहेंगे।
Subscribe to:
Posts (Atom)
